गुजरात विमान हादसे में विजय रूपाणी समेत 42 का डीएनए मिलान पूरा हुआ

Summary :

विजय रूपाणी के डीएनए मिलान के बाद राजकोट में अंतिम संस्कार

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद डीएनए टेस्ट के जरिए लोगों की पहचान की जा रही है। रविवार दोपहर तक पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत कुल 42 लोगों के डीएनए का मिलान हुआ। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने खुद इसकी जानकारी दी। राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने दोपहर एक बजे तक के आंकड़े जारी किए। उन्होंने “एक्स” पर एक पोस्ट में लिखा, “शनिवार रात 9 बजे से लेकर रविवार दोपहर एक बजे तक हमारी टीमों ने डीएनए नमूनों के मिलान के लिए अथक परिश्रम किया है। 22 अतिरिक्त डीएनए नमूनों का मिलान किया गया है, जिससे अब तक कुल 42 डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है।”

गुजरात के पूर्व सीएम विजय 12 जून को उसी एयर इंडिया फ्लाइट में थे जो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें चालक दल समेत 241 लोगों की जान चली गई थी। इनमें रूपाणी भी थे। गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, “रविवार सुबह करीब 11:10 बजे उनका डीएनए मैच हो गया।” विजय रूपाणी का डीएनए मैच होने की जानकारी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनके परिजनों को दी। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने मीडिया को बताया, “सीएम भूपेंद्र पटेल पूर्व सीएम विजय रूपाणी के आवास पर गए और परिवार को बताया कि डीएनए मिलान हो गया है। मुख्यमंत्री ने परिवार को ये भी बताया कि राजकोट में अंतिम संस्कार संपन्न कराने में सरकार उनका सहयोग करेगी। परिवार के सदस्य तय करेंगे कि वे उनका पार्थिव शरीर कब ले जाना चाहते हैं।”

विजय रूपाणी के आवास पर मौजूद विधायक रीटा पटेल ने कहा, “विजय रूपाणी के परिजन तीन दिन से इंतजार कर रहे थे, डीएनए मिलान के बाद उन्हें संतोष मिला है।” रीटा पटेल ने बताया कि विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को राजकोट ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार होगा। राज्यभर के कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि देने आएंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.