ग्वालियर : असंगठित श्रमिकों के कल्याण के लिये प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना बहुत महत्वपूर्ण योजना है। यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। नगर निगम, सभी नगरीय निकाय एवं जनपद डोर-टू-डोर अभियान चलाकर पंजीयन एवं सत्यापन का कार्य समय पर पूरा करें। यह निर्देश कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा ने नगर निगम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों कोदिए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जनपद, नगर पंचायत, नगर पालिकाओं में काउण्टर लगाए जाएं। इसी प्रकार नगर निगम वार्डवार कार्य सम्पन्न कराएं। अपनी टीम को सुबह एवं शाम को समय निर्धारित करके घर-घर भेजें। पंजीयन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। उन्होंने पंजीयन कार्य में लापरवाही बरतने पर डबरा सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा सभी विभाग विधानसभा प्रश्नों के उत्तर के रूप में भेजी गई जानकारी की प्रति उपलब्ध कराएं।
उन्होंने आधार पंजीयन की समीक्षा की और महिला बाल विकास के जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि कार्ययोजना बनाकर आधार पंजीयन का कार्य करें। टीम को लगाएं और प्रतिदिन मॉनीटरिंग करें। स्कूलों में समय पर कक्षाएं आयोजित हों। वर्मा ने उज्ज्वला योजना, सामाजिक सुरक्षा के तहत दिव्यांगजनों का यूडीआईडी में रजिस्ट्रेशन, पेंशनर्स के आधार सीडिंग एवं फसल भुगतान आदि की भी समीक्षा की। उन्होंने लोक सेवा गारंटी के तहत सहरिया परिवारों के जाति प्रमाण-पत्र के आवेदनों पर समय पर कार्रवाई करते हुए प्रमाण-पत्र बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा ने सीएम हैल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से कहा कि प्रतिदिन शिकायतों को देखें और निराकरण करें। यदि सभी अधिकारी तत्परता से प्रतिदिन निराकरण का प्रयास करेंगे तो लंबित शिकायतों की संख्या कम होगी। वे अधिकारी उपस्थित रहें। उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय एवं जीवाजी विश्वविद्यालय के नोडल ऑफीसर को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, एडीएम शिवराज वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा सहित एसडीएम एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



