प्रवर्तन निदेशालय ने बृहस्पतिवार को बासमती चावल निर्यातक कंपनी केआरबीएल लिमिटेड की 15 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को कुर्क कर लिया। निदेशालय ने यह कुर्की संप्रग सरकार के समय हुए एम्ब्रेयर विमान रक्षा सौदे में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की है।
यह मामला 20.8 करोड़ डॉलर के एम्ब्रेयर सौदे में कथित कमीशनखोरी के लिए किए गए भुगतान की जांच से जुड़ा है।
निदेशालय ने एक बयान में कहा कि कुर्क की गयी संपत्तियों में पंजाब के संगरूर जिले के धुरी तहसील में एक भूखंड और चावल मिल शामिल हैं। यह संपत्ति चावल कंपनी केआरबीएल लिमिटेड से जुड़ी हैं। केआरबीएल लिमिटेड इंडिया गेट बासमती चावल का उत्पादन करती है।
बयान के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत जब्त की गयी संपत्तियों का कुल मूल्य 15.32 करोड़ रुपये है।


Download Android App
Download iOS App



