प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुजरात की दवा कंपनी स्टर्लिंग बॉयोटेक के खिलाफ करोड़ों रुपये की बैंक धोखाधड़ी एवं धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के दामाद इरफान सिद्दीकी का बयान लिया।
अधिकारियों ने बताया कि सिद्दीकी का बयान धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया गया।
इससे पहले उनसे यहां प्रवर्तन निदेशालय के एक कार्यालय में वडोदरा की इस कंपनी के मालिक व प्रवर्तक संदेसरा बंधुओं से तार जुड़े होने के आरोप में पूछताछ की गयी थी। यह अनुमान है कि सिद्दीकी से पूछताछ बुधवार को भी जारी रह सकती है।
उल्लेखनीय है कि स्टर्लिंग बॉयोटेक के प्रवर्तकों नितिन संदेसरा, चेतन संदेसरा और दीप्ति संदेसरा पर 8,100 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी का आरोप है। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद ये सभी फरार हैं।
संदेसरा परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार और कर चोरी की धाराओं के तहत सीबीआई और आयकर विभाग की जांच भी चल रही है।


Download Android App
Download iOS App



