प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले से संबंधित धनशोधन के एक मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुरी कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से संबंधित एक अन्य धनशोधन मामले में पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं। पुरी को उनके खिलाफ जारी पेशी वारंट पर दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया था।
ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद अदालत ने पुरी को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया और कहा कि वह वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले से संबंधित धनशोधन मामले में हिरासत में पूछताछ करने की जांच एजेंसी की याचिका पर गुरुवार को सुनवाई करेगी।
इससे पहले पुरी ने मामले में आत्मसमर्पण करने का अनुरोध करते हुए अदालत में एक आवेदन दिया था। धनशोधन मामला इटली के फिनमेकेनिका की ब्रिटिश सहायक कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड से 12 वीवीआईपी हेलीकाप्टरों की खरीद में कथित अनियमितताओं के बाद दर्ज किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



