एकनाथ शिंदे को ‘महादजी शिंदे राष्ट्र गौरव’ पुरस्कार से किया गया सम्मानित

Summary :

शरद पवार ने एकनाथ शिंदे को दिया महादजी शिंदे पुरस्कार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मंगलवार को न्यू महाराष्ट्र सदन में महादजी शिंदे राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार प्रदान क‍िया गया। पुणे स्थित सरहद संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एनसीपी (एसपी) नेता शरद पवार ने श‍िंंदे को पुरस्‍कार प्रदान क‍िया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। इस अवसर पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज महादजी शिंदे राष्ट्र गौरव पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। मैं महादजी शिंदे की स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने दिल्ली के सिंहासन की रक्षा की। इस सम्मान के साथ जो जिम्मेदारी आती है, वह इससे भी बड़ी है। इस पुरस्कार काे प्रदान करने के ल‍िए मैं बहुत-बहुत आभारी हूं। यह पुरस्कार मुझे शरद पवार जी के हाथों से मिला है, जो मेरे लिए गौरव की बात है। यह पुरस्कार मिलने के बाद मेरी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

उन्होंने आगे कहा कि आज मैं महाराष्ट्र में कहीं भी जाता हूं, तो लोग शिवसेना में शामिल होने के लिए आते हैं। जहां जाता हूं, वहां पर लोग हमारी पार्टी शिवसेना में आते हैं। अब दिल्ली में आया हूं, तो दिल्ली में भी कई लोग शिवसेना में शामिल हुए हैं। लोग लगातार हमारी पार्टी से जुड़ रहे हैं। ढाई साल पहले मैं एक बड़ा ऑपरेशन कर चुका हूं, उसके बाद में छोटे-छोटे ऑपरेशन अब कर रहा हूं। लोग उद्धव ठाकरे की पार्टी को छोड़कर शिवसेना में शामिल हो रहे हैं।

उद्धव ठाकरे के बयान पर एकनाथ शिंदे ने कहा कि विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र की जनता ने उनकी जगह कहां है वह दिखा दिया है। अभी वह पीएम मोदी पर आरोप लगा रहे हैं। यह उनको शोभा नहीं देता है। पीएम मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं, उनके नाम का डंका पूरे देश-विदेश में बज रहा है। हमारा देश आज तरक्की कर रहा हैं। आज देश वैश्विक स्तर आर्थिक महाशक्ति बनकर उभर रहा है। केंद्र सरकार ने बजट के जरिए एक सामान्य नागरिक को फायदा पहुंचाने का काम किया है। कुछ लोग कहते थे कि गरीबी हटाओ, लेकिन गरीबी हटी नहीं। वर्तमान समय में पीएम मोदी गरीबों के लिए बेहतर काम कर रहे है। ऐसे में उन पर आरोप लगाना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.