मध्य प्रदेश के माजिद हुसैन ने जेईई-मेंस में 99.99 परसेंटाइल स्कोर कर रचा इतिहास

Summary :

माजिद हुसैन ने जेईई-मेंस में 99.99 परसेंटाइल स्कोर कर मध्य प्रदेश में टॉप किया

बुरहानपुर के माजिद हुसैन ने जेईई-मेंस में पूरे मध्य प्रदेश में टॉप किया है। उसने राष्ट्रीय स्तर की इस इंजीनियरिंग भर्ती परीक्षा में 99.9992 परसेंटाइल स्कोर किया है। माजिद की सफलता पर उसके परिवार में जश्न का माहौल है।माजिद हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि जब वह कक्षा 11वीं में था, तो उस दौरान एक निजी कोचिंग इंस्टीट्यूट ज्वाइन कर लिया। करीब दो साल की मेहनत का नतीजा है कि अब जेईई-मेंस 2025 में सफलता प्राप्त हुई है।माजिद ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार वालों को दिया है। उसने कहा, “मुझे शुरुआत से ही अपने परिवार वालों का साथ मिला। मेरे पिता ने मुझे अच्छे से शिक्षा दी और टीचरों का भी भरपूर साथ मिला। मेरा फोकस अब एडवांस में अच्छी रैंक लाने पर है, ताकि एक अच्छा इंजीनियर बन सकूं।”

माजिद की मां सकीना हुसैन ने अपने बेटे की सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि माजिद ने जेईई-मेंस 2025 में 99.99 परसेंटाइल स्कोर किया है। बहुत खुशी है कि मेरे बेटे ने मध्य प्रदेश में टॉप किया है।उन्होंने कहा, “माजिद अपनी पढ़ाई के प्रति ईमानदार और समर्पित था। मैं दूसरे बच्चों से भी कहूंगी कि वे मेहनत करते रहें, जिससे उन्हें सफलता मिल सके।”माजिद हुसैन ने आईआईटी-जेईई मेंस 2025 में 99.9992 परसेंटाइल स्कोर कर मध्य प्रदेश में टॉप कर इतिहास रच दिया है। उसकी इस सफलता से न केवल उनका परिवार खुश है, बल्कि स्कूल और शहर के लोग भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.