बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में पेश हुए। एल्विश पर सांपों की तस्करी और उनके जहर को रेव पार्टी में सप्लाई करने के गंभीर आरोप हैं। इससे पहले 23 दिसंबर को सुनवाई थी। लेकिन, एल्विश यादव गौतमबुद्ध नगर न्यायालय नहीं पहुंचे थे। अब अदालत ने सुनवाई के लिए 6 फरवरी की अगली तारीख दी है। वहीं, पुलिस ने चार्ज फ्रेम करने के लिए चार्ज शीट दाखिल की है।
NDPS एक्ट के तहत अरेस्ट हुए थे एल्विश यादव
नोएडा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में यूट्यूबर एल्विश यादव को गिरफ्तार किया था। जिसमें अभी वह जमानत पर बाहर हैं। नोएडा के थाना सेक्टर-49 में पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था के पदाधिकारी गौरव गुप्ता ने एल्विश यादव और उसके साथियों पर सांपों के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। इससे पहले की सुनवाई में एल्विश यादव कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। सांप और उसके जहर के इस्तेमाल के मामले में नोएडा पुलिस की तरफ से चार्जशीट जिला न्यायालय में दाखिल की गई थी।
1200 पन्नों की चार्ज शीट
एल्विश यादव पर 1,200 पन्नों के आरोप पत्र में नोएडा पुलिस की तरफ से बताया गया कि एल्विश का जेल भेजे गए सपेरों से संपर्क था। वहीं, एल्विश यादव के मामले में ईडी भी जांच कर रही है। एल्विश यादव को पूछताछ के लिए कई बार ईडी ने राजधानी लखनऊ बुलाया था। वहीं, गाजियाबाद स्थित लैब से जल्द ही एल्विश के मोबाइल डेटा की रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। इसके लिए नोएडा पुलिस पहले भी एक पत्र गाजियाबाद लैब को लिख चुकी है। माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।


Download Android App
Download iOS App



