मालदा, 14 मार्च (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह के एक हिस्से के रूप में ईस्टर्न रेलवे वूमेंस वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन (ईआरडब्लूडब्लूओ) मालदा ने शनिवार को अध्यक्ष मनीषा गुप्ता के नेतृत्व में कई कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया।
इस अवसर पर ईआरडब्लूडब्लूओ मालदा द्वारा दान की गई फिजियोथेरेपी के लिए एक ‘कंटीन्यूअस पैसिव मोशन’ (सीपीएम) मशीन का उद्घाटन मनीषा गुप्ता ने मालदा के मंडल रेलवे अस्पताल में मालदा की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुपा घोष की उपस्थिति में किया। यह मशीन अस्पताल में फिजियोथेरेपी सेवाओं को सुदृढ़ करेगी और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं प्रदान करने में मदद करेगी।
इसके बाद, ईआरडब्लूडब्लूओ मालदा द्वारा मालदा के कालिंद्री भवन में एक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसके बाद औपचारिक रूप से दीप प्रज्वलन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मनीषा गुप्ता ने भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज और मालदा टाउन के उन उत्कृष्ट रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया, जो मंडल भर के विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। इस पहल ने रेल कर्मचारियों के कल्याण, प्रोत्साहन और सम्मान के प्रति ईआरडब्लूडब्लूओ मालदा की निरंतर प्रतिबद्धता को उजागर किया।
8 मार्च से मालदा डिवीजन के कालिंद्री भवन में ‘गिव टू गेन’ थीम के तहत सप्ताह भर लंबे चलने वाले इन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोहों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मालदा में वित्तीय जागरूकता पर एक सेमिनार साथ ही चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जहां प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता व आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
फिटनेस और टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए 12 मार्च को महिला कर्मचारियों के लिए एक ‘बॉक्स क्रिकेट मैच’ का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा, स्वास्थ्य और देखभाल के महत्व को रेखांकित करते हुए “महिला कर्मचारियों का स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण” विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया।
इस पहल ने महिला कर्मचारियों को सशक्त बनाने और उनके समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के प्रति ईआरडब्लूडब्लूओ मालदा के समर्पण को परिलक्षित किया।
–आईएएनएस
डीके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



