नागपुर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो मजदूरों की मौत

Summary :

पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से दो मजदूरों की जान गई

महाराष्ट्र में नागपुर के काटोल तहसील के कोटवालबुडी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गई। इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।नागपुर पुलिस ने विस्फोट में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। फिलहाल, राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हालांकि, मामले में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बता दें कि इससे पहले जनवरी में महाराष्ट्र के भंडारा के जवाहर नगर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ था। इस हादसे में 8 कर्मचारियों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी थी।

नितिन गडकरी ने बताया था कि भंडारा में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ है। घटना में 8 लोगों की मौत हो गई और सात लोग जख्मी हुए हैं। यह प्राथमिक रिपोर्ट आई है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि भी दी थी। इस घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुख जताया था। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, ”महाराष्ट्र के भंडारा स्थित आयुध कारखाने में हुए विस्फोट के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। बचाव दल घटनास्थल पर तैनात हैं। प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.