विदेश मंत्री एस जयशंकर 10 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने मॉस्को जायेंगे। गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को एससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिये मास्को की तीन दिवसीय यात्रा के लिये रवाना हो गए है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने साप्ताहिक डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘विदेश मंत्री एससीओ परिषद के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिये मास्को जायेंगे जो 10 सितंबर को निर्धारित है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या जयशंकर अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात करेंगे, श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘एक बार इसके कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया जायेगा, तब हम आपको इसकी जानकारी देंगे ।’’
एससीओ की बैठक ऐसे समय में हो रही है जब इस समूह के दो सदस्य भारत और चीन पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद को लेकर आमने सामने हैं। एससीओ को नाटो के मुकाबले एक समूह के रूप में देखा जाता है और यह एक ऐसे संगठन के रूप में उभरा है जहां दुनिया की 44 प्रतिशत आबादी है। इस समूह का मकसद क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाये रखना है। भारत 2017 में एससीओ का सदस्य बना।


Download Android App
Download iOS App



