केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली से सटे सिंघु बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में 2 पुलिस अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये दोनों आईपीएस स्तर के पुलिस अधिकारी हैं। बता दें कि दिल्ली से सटीं कई सीमाओं पर किसानों का हल्ला बोल जारी है। किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। 2 पुलिस अधिकारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने की जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया, ”एक डीसीपी और एक एडिशनल डीसीपी जोकि सिंघु बॉर्डर पर तैनात थे, वे दोनों कोरोना संक्रमित मिले हैं।”
बता दें कि दिल्ली में प्रवेश करने से रोके जाने के बाद पिछले करीब 2 सप्ताह से किसान सिंघु बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं। वे नए कृषि कानूनों को वापस लेने और फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की व्यवस्था जारी रखने की मांग कर रहे हैं। किसानों ने गुरुवार को कहा कि अगर सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है, तो वे रेल पटरियां अवरुद्ध कर देंगे। किसान संघों ने हुई अपनी बैठक के बाद कहा कि वे देश भर में रेल पटरियां अवरुद्ध करने की तारीख का जल्द ही ऐलान करेंगे। गुरुवार यानी कल सिंघू बॉर्डर पर मीडिया से हुई बातचीत में किसान संघों ने कहा कि वे विरोध-प्रदर्शन को तेज करेंगे और राष्ट्रीय राजधानी की ओर जाने वाले सभी राजमार्गों को जाम करना शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा ”अगर हमारी मांगें नहीं मानी गई, तो हम रेल पटरियां अवरुद्ध करेंगे। हम इसकी तारीख तय कर जल्द ही घोषणा करेंगे। रेल पटिरियां सिर्फ पंजाब और हरियाणा में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अवरुद्ध की जाएंगी।” किसानों ने यह घोषणा ऐेसे वक्त की है, जब केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बातचीत जारी है और ऐसे में आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करना उचित नहीं है। उन्होंने किसान संघों से फिलहाल बातचीत करने को कहा है।


Download Android App
Download iOS App



