सीडी विवाद के केंद्र में आए छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री राजेश मूणत ने इस मामले के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इस संबंध में आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। बता दें कि शुक्रवार को इस मामले में पत्रकार विनोद वर्मा को कथित उगाही और धमकी देने के आरोप में छत्तीसगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उन्हें गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस में मूणत ने बघेल को आरोप साबित करने की चुनौती देते हुए कहा था कि वो तथ्यों को पेश करें। बघेल ने इस मामले में सबसे पहले मूणत पर हमला किया था।
दूसरी तरफ मूणत ने गिरफ्तार पत्रकार विनोद वर्मा को कांग्रेस एजेंट करार दिया था। गिरफ्तार पत्रकार विनोद वर्मा को छत्तीसगढ़ पुलिस रायपुर ले कर जा रही है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विनोद वर्मा के घर से पेन ड्राइव, लैपटॉप और कथित रूप से करीब 500 आपत्तिजनक सीडी बरामद किए जाने का दावा किया था।


Download Android App
Download iOS App



