नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज कहा कि सूक्ष्म , लघु और मध्यम उद्यमों ने देशभर में पिछले चार साल के दौरान चार करोड़ नौकरियां सृजित हुई हैं। सूक्ष्म , लघु और मध्यम उद्यम मंत्री (एमएसएमई) सिंह ने कहा कि 2014-18 के बीच 16 लाख उद्यमियों को बिना गारंटी के ऋण देने , 15 लाख लोगों को प्रधानमंत्री रोजगार गारंटी कार्यक्रम से जोड़ने और कारीगरों एवं विनिर्माताओं के लिए 94 क्लस्टर स्थापित करने जैसी पहलों से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित एमएसएमई दिवस मनाने के लिए आयोजित उद्यम संगम सम्मेलन को संबोधित करते हुये सिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में सूक्ष्म , लघु और मध्यम उद्यमों ने अपने लक्ष्य को हासिल किया है और रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। ‘‘ मैं दावे के साथ कहता हूं कि हमने लोगों के लिए चार करोड़ नौकरियां सृजित की हैं।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सौर चरखा मिशन से 5 करोड़ रोजगार पैदा होंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज इस सौर चरखा मिशन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि मिशन के पहले चरण में , 50 क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे और सरकार द्वारा 550 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इससे एक लाख रोजगार सृजित होंगे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ


Download Android App
Download iOS App



