संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की प्रमुख सोनिया गांधी ने मशहूर अभिनेता एवं नाटककार गिरीश कर्नाड के निधन पर दुख जताते हुए मंगलवार को कहा कि कर्नाड ने जीवन भर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के लिए लड़ाई लड़ी।
सोनिया ने कर्नाड की पत्नी सरस्वती कर्नाड को लिखे पत्र में कहा, ”गिरीश कर्नाड हमारी संस्कृति, कला और राजनीतिक जगत के एक विशाल व्यक्तित्व थे। वह एक बेहतरीन नाटककार, अभिनेता और निर्देशक थे।” कांग्रेस की शीर्ष नेता ने कहा, ”कर्नाड ने जीवन भर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के लिए लड़ाई लड़ी।”

उन्होंने कहा, “जो लोग स्वतंत्रता और समता को महत्व देते हैं उनके लिए कर्नाड बड़े प्रेरणा स्रोत थे। वह अपने पीछे साहित्यिक कार्यों की एक बड़ी विरासत छोड़ गए हैं जो उनकी स्मृति को हमेशा बनाए रखेगी और हमेशा इसका सम्मान होगा।” गौरतलब है कि जाने-माने अभिनेता, फिल्म निर्देशक, नाटककार, लेखक और ज्ञानपीठ पुरस्कार व पद्म भूषण से सम्मानित कर्नाड का सोमवार को बेंगुलरु में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।


Download Android App
Download iOS App



