सरकार ने RBI को दी पॉलीमर नोटों के फील्ड ट्रायल की इजाजत, जल्द देखने को मिलेंगे नए नोट

Summary :

केंद्र सरकार ने 27 जुलाई 2026 को संसद में बताया कि आरबीआई (RBI) के ₹10 और ₹20 के टिकाऊ पॉलीमर नोटों के फील्ड ट्रायल को मंजूरी मिल गई है। परीक्षण सफल रहने पर इनका नियमित चलन शुरू होगा, हालांकि पुराने कागजी नोट भी बंद नहीं होंगे।

Polymer Banknotes India : देश में जल्द ही प्लास्टिक के ₹10 और ₹20 के नोट देखने को मिल सकते हैं। केंद्र सरकार ने संसद में स्पष्ट किया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को पॉलीमर यानी प्लास्टिक बैंक नोटों के फील्ड ट्रायल की इजाजत दे दी गई है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, इस परीक्षण का मुख्य मकसद यह देखना है कि पारंपरिक कागजी नोटों के मुकाबले ये प्लास्टिक नोट कितने दिन टिकते हैं और इनका इस्तेमाल कितना व्यावहारिक है। सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल कागजी नोटों को बंद करने की कोई योजना नहीं है।

100-100 करोड़ पीस जारी करेगा रिजर्व बैंक

आरबीआई के केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश के आधार पर ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के 1-1 अरब (100-100 करोड़) पॉलीमर नोट बाजार में उतारे जाएंगे। अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले समय में इन नोटों को नियमित रूप से छापना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, बैंक ने माना है कि यह पूरी योजना अभी बिल्कुल शुरुआती दौर में है।

₹10 और ₹20 जैसे छोटे नोट आम जनता के हाथों में बहुत तेजी से घूमते हैं। रोजाना के इस्तेमाल, पानी, पसीने और गंदगी के कारण कागजी नोट जल्दी फट और गल जाते हैं। पॉलीमर नोट पानी से खराब नहीं होते, आसानी से फटते नहीं हैं और इनका जीवनकाल कागजी नोटों से काफी ज्यादा होता है।

डिजिटल पेमेंट पर असर

सरकार ने साफ कर दिया है कि नए प्लास्टिक नोट आने के बाद भी पुराने कागजी नोट पूरी तरह चलते रहेंगे। इन्हें बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

वहीं, UPI और डिजिटल पेमेंट पर इसके असर को लेकर सरकार का कहना है कि डिजिटल और कैश दोनों माध्यम एक-दूसरे से अलग माध्यम हैं। दोनों विकल्प जनता की सुविधा के लिए साथ-साथ बने रहेंगे।

यह भी पढ़ें – राम मंदिर चंदा विवाद: SC बोला- नहीं करेंगे SIT जांच की मॉनिटरिंग, रिपोर्ट में CA को जोड़ने के निर्देश

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।