हार्दिक पटेल के करीबी साथी तथा पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) के संयोजकों की कोर कमेटी के सदस्य ललित वसोया ने आज कहा कि वह कल गुजरात के राजकोट जिले की धोराजी विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करेंगे।
उधर समझा जाता है कि पार्टी श्री वसोया समेत पास के कम से कम सात संयोजकों को टिकट दे सकती है। मजेदार बात यह है कि श्री वसोया का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की एक भी सूची जारी नहीं की है। श्री वसोया ने स्वीकार किया कि उनके पास कांग्रेस के टिकट का आधिकारिक आदेश (मैंडेट) अब तक नहीं है।
वह पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कर देंगे और बाद में मैंडेट जमा करायेंगे। वह पास के गैर राजनीतिक स्वरूप को बनाये रखने के लिए चुनाव लडने के लिए इससे त्यागपत्र दे देंगे। पास संयोजकों की आज शाम यहां कांग्रेस नेताओं के साथ एक बैठक भी होगी।
उधर सूत्रों ने बताया कि पास के नेताओं की अब अधिक रूचि पाटीदार आरक्षण से अधिक कांग्रेस की टिकट हासिल करने में है। पार्टी बोटाद से दिलीप साबवा, मोरबी से मनोज पनारा, निकोल से गीता पटेल, ठक्करबापानगर से जयेश पटेल, पाटन से किरीट पटेल और गोधरा से उदय पटेल को टिकट दे सकती है।
एक अन्य संयोजक दिनेश बांभणिया के चुनाव लड़ने पर अभी संदेह बना हुआ है। गुजरात में नौ और 14 दिसंबर को दो चरण में चुनाव होंगे। मतगणना 18 दिसंबर को होगी।


Download Android App
Download iOS App



