गुजरात: दमन में रणछोड़राय मंदिर से करोड़ों की चोरी, पांच आरोपी गिरफ्तार

Summary :

पुलिस ने चोरी के आरोप में पांच लोगों को किया गिरफ्तार

दमन में रणछोड़राय मंदिर से करोड़ों की चोरी का खुलासा हुआ है। गुजरात के दाहोद जिले के गैंग ने सोने के आभूषण और विदेशी मुद्रा चुराई थी। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नरेश, कालू, भारत, पंकज और जिग्नेश शामिल हैं। पुलिस ने 26 तोला सोना बरामद किया है, लेकिन नकदी की अभी तक रिकवरी नहीं हो सकी है।

दमन में फरवरी में हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की चोरी की वारदात का दमन क्राइम ब्रांच ने खुलासा कर दिया है। गुजरात के दाहोद जिले के एक गैंग ने इस सनसनीखेज चोरी को अंजाम दिया था। चोरों ने दमन के मच्छीवाड़ा इलाके में रणछोड़राय मंदिर और एक एनआरआई के मकान को निशाना बनाया, जहां से उन्होंने सोने के आभूषण, विदेशी मुद्रा और अन्य कीमती सामान चुराए, जिनकी कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक थी। दमन पुलिस ने इस मामले में कड़ी मेहनत और तकनीकी निगरानी के जरिए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम नरेश, कालू, भारत, पंकज और जिग्नेश हैं। पुलिस ने इनके पास से 26 तोला सोना भी बरामद किया है। हालांकि चोरी की गई नकदी की अभी तक रिकवरी नहीं हो सकी है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीशनल एसपी) तनु शर्मा ने बताया कि यह एक जटिल अंतरराज्यीय अपराध था, क्योंकि आरोपी दमन के बाहर से थे।

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी पासपोर्ट बरामद

एडिशनल एसपी तनु शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मोटी दमन पुलिस स्टेशन में फरवरी में इस चोरी की एफआईआर दर्ज हुई थी। शुरुआत में स्थानीय पुलिस ने दो आरोपियों, नरेश और कालू, को गिरफ्तार किया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मानव खुफिया जानकारी (ह्यूमन इंटेलिजेंस) और तकनीकी निगरानी का उपयोग कर बाकी तीन आरोपियों भारत, पंकज और जिग्नेश को पकड़ा। भारत इस मामले में मुख्य रिसीवर (चोरी का माल खरीदने वाला) है, जिसके खिलाफ गुजरात में पहले से 50 मामले दर्ज हैं और वह गुट्सी टॉक एक्ट के तहत सजा काटकर हाल ही में रिहा हुआ था। अन्य दो आरोपी भी पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कई जगहों पर छापेमारी की और कड़ी मेहनत के बाद यह सफलता हासिल की।

तनु शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीमें अभी भी बाकी चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए काम कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसी गैंग पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों को रोका जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.