गुजरात : पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, पूरा हुआ महाकुंभ के बाद का संकल्प

Summary :

सोमनाथ मंदिर में पीएम मोदी ने किया जलाभिषेक, महाकुंभ संकल्प पूरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन रविवार को सौराष्ट्र नगर स्थित प्राचीन श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा-अर्चना की, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। पीएम मोदी ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोमनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद फोटो शेयर करते हुए लिखा, ”प्रयागराज में एकता का महाकुंभ, करोड़ों देशवासियों के प्रयास से संपन्न हुआ। मैंने एक सेवक की भांति अंतर्मन में संकल्प लिया था कि महाकुंभ के उपरांत द्वादश ज्योतिर्लिंग में से प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ का पूजन-अर्चन करूंगा। आज सोमनाथ दादा की कृपा से वह संकल्प पूरा हुआ है। मैंने सभी देशवासियों की ओर से एकता के महाकुंभ की सफल सिद्धि को श्री सोमनाथ भगवान के चरणों में समर्पित किया। इस दौरान मैंने हर देशवासी के स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना भी की।”

खास बात यह है कि पीएम मोदी ने प्रयागराज महाकुंभ के समापन पर एक ब्लॉग भी लिखा था, जिसमें उन्होंने भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ में दर्शन करने की बात कही थी। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा था कि 140 करोड़ देशवासियों ने जिस तरह प्रयागराज में एकता के महाकुंभ को आज के विश्व की एक महान पहचान बना दिया, वह अद्भुत है। उन्होंने लिखा, “देशवासियों के इस परिश्रम से, उनके प्रयास से, उनके संकल्प से अभिभूत मैं जल्द ही द्वादश ज्योतिर्लिंग में से प्रथम ज्योतिर्लिंग, श्री सोमनाथ के दर्शन करने जाऊंगा और श्रद्धा रूपी संकल्प पुष्प समर्पित करते हुए हर भारतीय के लिए प्रार्थना करूंगा।”

इसके अलावा उन्होंने सोमनाथ मंदिर में मार्कण्डेय पूजा और ध्वज पूजा भी की। इसके पहले पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी श्री सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।

सोमनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद पीएम मोदी ने जामनगर में पशु बचाव संरक्षण एवं पुनर्वास केंद्र वनतारा का भी दौरा किया।

पीएम मोदी शनिवार को गुजरात दौरे पर पहुंचे थे। वह 3 मार्च को सुबह छह बजे गिर राष्ट्रीय उद्यान में सफारी से अपने दिन की शुरुआत करेंगे और एशियाई शेरों को देखेंगे। वह जूनागढ़ जिले के सासन में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में वन्यजीवों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा होगी। एनबीडब्ल्यूएल में 47 सदस्य हैं, जिनमें सेना प्रमुख, विभिन्न राज्यों के सदस्य, इस क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्य वन्यजीव वार्डन और विभिन्न राज्यों के सचिव शामिल हैं। बैठक के बाद प्रधानमंत्री सासन में कुछ महिला वन कर्मचारियों से बातचीत करेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.