राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बढ़ते प्रदूषण से स्कूली बच्चों को बचाने के लिए गुरुग्राम प्रशासन ने नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक की कक्षाएं निलंबित करने का आदेश दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त (DC) निशांत कुमार यादव ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने का आदेश दिया गया है। यह आदेश जिले के सभी निजी एवं सरकारी शिक्षण संस्थानों पर सात नवंबर से लागू होगा और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। यादव ने कहा कि वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण स्थिति ‘क्रमिक प्रतिक्रिया कार्य योजना’ (GRAP) के चौथे चरण पर पहुंच गई है।
इससे पहले, हरियाणा सरकार ने NCR में जिला उपायुक्तों को अपने जिलों में स्थिति का आकलन करने और स्कूलों को बंद करने पर निर्णय लेने को कहा था। पिछले कुछ दिनों से गुरुग्राम समेत कुछ जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘गंभीर’ श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह प्रदूषण का स्तर सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षित सीमा से लगभग सात से आठ गुना अधिक दर्ज किया गया। क्षेत्र के ऊपर जहरीली धुंध लगातार सातवें दिन भी बनी रही।


Download Android App
Download iOS App




