जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करने के बाद केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने आज 14 याचिकाओं पर सुनवाई की है। कोर्ट ने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान हटाए जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर केन्द्र और जम्मू कश्मीर प्रशासन को नोटिस जारी किया।
साथ ही इस मामले में चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं पर पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ सुनवाई करेगी। सुनवाई अक्टूबर के पहले हफ्ते में होगी। सुप्रीम कोर्ट ने मीडियाकी याचिका पर केंद्र को नोटिस भी जारी किया, जिसमें इंटरनेट, लैंडलाइन और अन्य संचार चैनलों पर प्रतिबंध लगाने के लिए निर्देश दिया गया। कोर्ट ने 7 दिनों के भीतर केंद्र सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है।
सीताराम येचुरी को मिली श्रीनगर जाने की अनुमति
दूसरी याचिका में लेफ्ट नेता सीताराम येचुरी को भी श्रीनगर जाने की इजाजत दे दी गई है। सीताराम येचुरी ने अपने विधायक एमवाई तरिगामी से मिलने की अनुमति मांगी थी। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि हम आपको आपके दोस्त से मिलने की इजाजत देंगे, लेकिन इस दौरान आप कुछ और काम नहीं कर पाएंगे।
चीफ जस्टिस ने कहा कि सरकार उन्हें क्यों रोक रही है? वह देश के नागरिक हैं अगर अपने दोस्त से मिलना चाहते हैं, तो मिल सकते हैं। इसपर सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि ये पर्सनल नहीं, पॉलिटिकल विजिट थी। हालांकि, चीफ जस्टिस ने कहा कि हम सिर्फ उनके दोस्त से मिलने की इजाजत दे रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



