लखनऊ, 17 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया। राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुगुणा को लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं।
उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी का जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक रहेगा।
सीएम योगी ने बताया कि बहुगुणा का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश (वर्तमान उत्तराखंड) के पौड़ी जनपद के एक छोटे से गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के लिए प्रयागराज का रुख किया। प्रयागराज में उच्च शिक्षा के दौरान वे छात्र राजनीति से जुड़े और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1942 के आंदोलन के दौरान छात्रनेता के रूप में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने जनप्रतिनिधि, मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में अनेक महत्वपूर्ण दायित्व निभाए और हर भूमिका में उल्लेखनीय कार्य किए।
सीएम योगी ने कहा कि बहुगुणा जी ने प्रयागराज को एक नई पहचान दिलाई और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा किए गए कार्य समाज के सभी वर्गों के उत्थान, राष्ट्रीय चेतना के विस्तार और आमजन के कल्याण के लिए समर्पित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन हमें जनसेवा, प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
इससे पहले सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ” महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकप्रिय राजनेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। देश की स्वाधीनता के साथ ही सामाजिक जन-जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को प्रखर रूप से आगे बढ़ाने के लिए बहुगुणा जी ने उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी पावन स्मृतियों को नमन।”
–आईएएनएस
विकेटी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



