हैदराबाद में नई पहल, हाइड्रा ने 16 ट्रांसजेंडर लोगों को दिया रोजगार

Summary :

हैदराबाद, 29 मई (आईएएनएस)। एक नई पहल के तहत तेलंगाना सरकार की हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (हाइड्रा ) ने 16 ट्रांसजेंडर लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। हाइड्रा में ग्यारह ट्रांस महिलाएं और पांच ट्रांस पुरुष शामिल हुए हैं। हाइड्रा हाल के दिनों में हैदराबाद और उसके आस-पास के इलाकों में जल निकायों और सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के लिए चर्चा में रहा है। नए भर्ती हुए लोगों ने बताया कि हाइड्रा में रोजगार मिलने से उनकी जिंदगी में एक नई रोशनी आई है और इस नौकरी से मिली गरिमा ने उनके अंदर गहरे…

हैदराबाद, 29 मई (आईएएनएस)। एक नई पहल के तहत तेलंगाना सरकार की हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (हाइड्रा ) ने 16 ट्रांसजेंडर लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। हाइड्रा में ग्यारह ट्रांस महिलाएं और पांच ट्रांस पुरुष शामिल हुए हैं। हाइड्रा हाल के दिनों में हैदराबाद और उसके आस-पास के इलाकों में जल निकायों और सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने के लिए चर्चा में रहा है।

नए भर्ती हुए लोगों ने बताया कि हाइड्रा में रोजगार मिलने से उनकी जिंदगी में एक नई रोशनी आई है और इस नौकरी से मिली गरिमा ने उनके अंदर गहरे आत्मविश्वास की भावना जगा दी है।

शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार ये 16 लोग कहीं भी और किसी भी समय अपनी ड्यूटी निभाने के लिए तैयार हैं। वे झीलों और जल निकासी चैनलों से अतिक्रमण हटाने में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं और राज्य में सार्वजनिक पार्कों तथा सामुदायिक उपयोग के लिए निर्धारित जमीनों की सुरक्षा में सबसे आगे हैं।

अतिक्रमण करने वालों की हैसियत या प्रभाव से बेपरवाह होकर, वे निडरता से अपनी ड्यूटी निभाते हैं और तेलंगाना में सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में एक अहम भूमिका निभाते हैं।

उनका कहना है कि हाइड्रा में उन्हें जो रोजगार मिला है। वह सिर्फ गुजारा करने का एक जरिया नहीं है, बल्कि यह उनकी जिंदगी के लिए एक नई पहचान का प्रतीक है।

वे कहते हैं कि हाइड्रा की वर्दी पहनना उनके लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने ‘हाइड्रा ईगल टीम’ का हिस्सा बनने और पूरी तरह से ऑपरेशनल ड्यूटी में शामिल होने पर अपनी अपार खुशी जाहिर की।

ट्रांसजेंडर टीम के सदस्यों ने संगारेड्डी जिले के अमीनपुर मंडल में स्थित ऐलापुर में 862 एकड़ सरकारी जमीन की सफलतापूर्वक सुरक्षा करने में अहम भूमिका निभाई। हाल ही में उन्होंने माधोपुर में एडुलाकुंटा झील को बचाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

वे लोगों को समझाने-बुझाने, तनाव कम करने के लिए महिलाओं से बातचीत करने और अधिकारियों तथा समुदाय के बीच तालमेल बिठाने जैसे कामों में अहम भूमिका निभाते हैं।

हाइड्रा के अधिकारियों का कहना है कि उनमें लोगों की भावनाओं को समझने और उनके प्रति सहानुभूति रखने की स्वाभाविक क्षमता है और उन्हें अपने फील्डवर्क में लगातार बेहतरीन नतीजे देने के लिए सराहा गया है।

हाइड्रा के साथ काम कर रहे ट्रांसजेंडर लोग अब अपने परिवारों को आर्थिक मदद भी दे रहे हैं।

तांशी राय ने कहा कि वे हर महीने एक तय आमदनी कमा रहे हैं और समाज में उनकी इज्जत भी बढ़ी है। सबसे अहम बात यह है कि इस एहसास से उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ गया है कि हम भी अपने काम के जरिए समाज में एक सार्थक योगदान देने में सक्षम हैं।

उन्होंने कहा कि हम गुजारे के लिए भीख मांग रहे थे। पहले हम जहां भी जाते थे, हमारा मजाक उड़ाया जाता था। अगर हम काम मांगते थे, तो हमें मना कर दिया जाता था लेकिन अब, जब हम अपनी ड्यूटी करने के लिए यूनिफॉर्म पहनकर निकलते हैं तो हर कोई हमसे इज्जत से बात करता है।

गायत्री ने कहा कि अगर मौका मिले, तो ट्रांसजेंडर लोग किसी भी क्षेत्र में बेहतरीन काम कर सकते हैं। हाइड्रा में हमारी ड्यूटी इस बात का सबूत है। हाइड्रा में अधिकारियों से लेकर हर दूसरे स्टाफ मेंबर तक हर कोई हमारा पूरा साथ देता है। अपनी ड्यूटी करते समय हमारे साथ बराबरी का बर्ताव किया जाता है।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.