नवी मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवी मुंबई में पुलिस कस्टडी में एक 38 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय कांतू यादव के रूप में हुई है।
संजय कांतू यादव को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तार किया था। वह उल्वे सेक्टर 6 स्थित अनंता टावर में रहता था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले का रहने वाला था। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने उसे पुलिस कस्टडी में भेजा था।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को संजय कांतू यादव को नवी मुंबई के एनआरआई सागरी पुलिस स्टेशन के लॉक-अप में रखा गया था। उस दौरान लॉक-अप स्टाफ ने देखा कि वह अपनी मुट्ठियां भींच रहा था और हाथ-पैर अकड़ा रहा था। जब उसकी हालत बिगड़ी तो पुलिसकर्मी तुरंत उसे नेरुल के मीनाताई ठाकरे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले यादव का पनवेल ग्रामीण अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया था। कोर्ट में पेशी के दौरान भी उसने किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या की शिकायत नहीं की थी। यहां तक कि 6 अक्टूबर को हुई मेडिकल जांच में भी उसने किसी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की बात नहीं बताई थी।
घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है। बेलापुर प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, पंच गवाहों और मृतक के परिवार की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के जरिए पंचनामा किया जा रहा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। हालांकि, महाराष्ट्र में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले 22 सितंबर को महाराष्ट्र पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) एक 35 साल के व्यक्ति की मौत की जांच कर रही थी, जिसकी मौत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की कस्टडी में हुई थी।
मृतक इमरान शेख रोजगार की तलाश में मध्य प्रदेश के खंडवा से मुंबई आया था। मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, शेख ने 20 सितंबर को सीएसएमटी पर आरपीएफ की मुख्य पोस्ट पर खंडवा जाने वाली ट्रेनों के बारे में पूछताछ की थी।
अधिकारियों ने बताया कि वह घबराया हुआ लग रहा था और कह रहा था कि लोग उसे मारने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद शेख आक्रामक हो गया और उसने आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर अनिकेत पर हमला कर दिया। उसने खुद को भी चोट पहुंचाई थी।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



