आंध्र प्रदेश: पत्नी और मां की हत्या के बाद ट्रेन के आगे कूदा शख्स, बचाने पहुंचे दो बच्चों की भी मौत

Summary :

तिरुपति, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ ही घंटों के भीतर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और मां की हत्या की, फिर आत्महत्या के लिए रेलवे ट्रैक पर लेट गया। उसे बचाने की कोशिश में उसके दो मासूम बच्चे भी ट्रेन की चपेट में आकर मारे गए। यह दर्दनाक घटना बुधवार को नारायणवनम मंडल के वेंकटाकृष्णा पालेम पंचायत में हुई। पुलिस के अनुसार, मोहान नामक व्यक्ति ने अपने घर में पत्नी हरिता (33) और मां…

तिरुपति, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ ही घंटों के भीतर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और मां की हत्या की, फिर आत्महत्या के लिए रेलवे ट्रैक पर लेट गया। उसे बचाने की कोशिश में उसके दो मासूम बच्चे भी ट्रेन की चपेट में आकर मारे गए।

यह दर्दनाक घटना बुधवार को नारायणवनम मंडल के वेंकटाकृष्णा पालेम पंचायत में हुई। पुलिस के अनुसार, मोहान नामक व्यक्ति ने अपने घर में पत्नी हरिता (33) और मां चंद्रकला (65) की कपड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। हरिता सिलाई और ब्यूटी पार्लर का काम करती थीं, जबकि चंद्रकला गृहिणी थीं।

हत्या के बाद मोहान अपने बेटे कौशिक (14) और बेटी हरिनी (12) को पुत्तूर स्थित स्कूल से यह कहकर ले आया कि उनके दादा का निधन हो गया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब हरिता के भाई बालकृष्ण घर पहुंचे। उन्होंने दोनों महिलाओं को मृत पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोहान की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं और पुत्तूर, नागरी समेत कई इलाकों में खोजबीन शुरू की।

जांच में सामने आया कि बच्चों को साथ लेकर मोहान चित्तूर और तिरुपति जिलों में घूमता रहा और शाम करीब 7:15 बजे पुत्तूर मंडल के वेपागुंटा रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां बाइक खड़ी करने के बाद वह बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पर गया और आत्महत्या के इरादे से पटरी पर लेट गया।

इस दौरान बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार (करीब 100 किमी/घंटा) से आ रही एग्मोर-काचेगुड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आकर तीनों की मौत हो गई। लोको पायलट ने पुत्तूर स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या और आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहान पर कोई बड़ा आर्थिक संकट नहीं था और वह मानसिक रूप से भी सामान्य बताया जा रहा था। हालांकि, उसने अपनी बहन का कुछ कर्ज चुकाने के लिए बुधवार सुबह एक रिश्तेदार को पैसे भी दिए थे।

नारायणवनम पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि रेलवे पुलिस ने ट्रैक पर हुई मौतों को लेकर अलग केस दर्ज किया है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.