पश्चिम बंगाल में सुवेंदु सरकार: भाजपा नेता बोले- आज से आम लोगों की आशा, आकांक्षा और विकास का सूर्योदय

Summary :

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शनिवार को कहा कि आज पश्चिम बंगाल में एक नया सूर्योदय हुआ है। इस दौरान, भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “यह सच है कि बंगाल की धरती सनातन परंपरा का सांस्कृतिक केंद्र रही है। यहां विधर्मी लोगों ने अपनी सरकार चलाई और खासकर तृणमूल कांग्रेस लगातार अतिवादी हो गई। उन्होंने हिंदुओं को निशाना बनाया, गुंडागर्दी को बढ़ावा दिया, अराजकता…

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शनिवार को कहा कि आज पश्चिम बंगाल में एक नया सूर्योदय हुआ है। इस दौरान, भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “यह सच है कि बंगाल की धरती सनातन परंपरा का सांस्कृतिक केंद्र रही है। यहां विधर्मी लोगों ने अपनी सरकार चलाई और खासकर तृणमूल कांग्रेस लगातार अतिवादी हो गई। उन्होंने हिंदुओं को निशाना बनाया, गुंडागर्दी को बढ़ावा दिया, अराजकता फैलाई और बांग्लादेशी मुसलमानों के समर्थन से राजनीति की। जब यह अति पर पहुंच गया, तो वहां के लोगों ने भाजपा को चुना और उस पर भरोसा किया।”

उन्होंने कहा कि तीन-चार दिन तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने नौटंकी की। वहां गुंडों ने अराजकता का माहौल बनाया। सारे गुंडों को सजा मिलेगी।

सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा, “मेरी ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। कहीं न कहीं, उनके आने से पश्चिम बंगाल में एक मजबूत और सशक्त सरकार का गठन होगा। आने वाले समय में, यदि राज्य में एक मजबूत सरकार होगी, तो विकास कार्य भी होंगे।”

झारखंड के रांची में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा, “आज पश्चिम बंगाल में नया सूर्योदय हुआ है। यह आशा, आकांक्षा, विकास और आम लोगों की सरकार का सूर्योदय है। शुक्रवार को सूर्यास्त के साथ बंगाल में कांग्रेस-वामपंथ का अन्यायपूर्ण शासन और टीएमसी की तानाशाही का भी सूर्यास्त हो गया। भाजपा को मिला यह जनादेश आम जनता की महत्वाकांक्षाओं से जुड़ा हुआ है।”

प्रतुल शाह देव ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी जमीन से जुड़े हुए व्यक्ति हैं। वे हर व्यक्ति के सुख-दुख में साथ रहते हैं। राज्य में आज आम जनता की सरकार बनी है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री के रूप में चुना। शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर उनके नाम की घोषणा की गई। शनिवार को कोलकाता में आयोजित समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे।

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.