कोलकाता, 17 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल भाजपा के नेताओं ने सोमवार को पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक आशीष बनर्जी के परिजनों से मुलाकात की। आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह बीरभूम जिले स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला था।
आशीष बनर्जी ममता बनर्जी सरकार में कृषि मंत्री रह चुके थे और पश्चिम बंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) का पद भी संभाल चुके थे।
सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने उनके आवास का दौरा किया और उस कमरे से नमूने एकत्र किए, जहां उनका शव मिला था। जांच के दौरान कमरे को सील कर दिया गया और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
जिला पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट आत्महत्या की आशंका की पुष्टि करती है। हालांकि जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
भाजपा के बीरभूम जिला अध्यक्ष उदय शंकर बनर्जी, रामपुरहाट विधायक ध्रुव साहा, सैंथिया विधायक कृष्ण कांता साहा और बीरभूम जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मि डे ने दिवंगत नेता के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की।
भाजपा नेताओं ने आशीष बनर्जी के बेटे शतदल बनर्जी से बातचीत की और बाद में उनकी पत्नी तथा अन्य रिश्तेदारों से भी मिले। सभी नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
हालिया पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आशीष बनर्जी को हराने वाले विधायक ध्रुव साहा ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। खास बात यह है कि पेशे से कॉलेज शिक्षक रहे आशीष बनर्जी के ध्रुव साहा छात्र रह चुके हैं।
इस बीच, फॉरेंसिक विशेषज्ञ सील किए गए कमरे से जरूरी नमूने जुटाने के बाद बिना मीडिया के सवालों का जवाब दिए वहां से चले गए।
–आईएएनएस
एएमटी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



