ट्रंप की ओमान को सख्त चेतावनी, कहा – हॉरमुज डील में रोड़ा अटकाया तो करेंगे भीषण बमबारी

Summary :

अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के समझौते की मियाद खत्म होते ही तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने स्ट्रैट ऑफ हॉरमुज को लेकर ईरान के साथ जारी बातचीत में बाधा डाली, तो अमेरिका उस पर जोरदार बमबारी करेगा।

Donald Trump Warning Oman

Donald Trump Warning Oman : 28 फ़रवरी से अमेरिका ईरान युद्ध में हैं। तमाम सीजफायर के बाद भी तनाव अभी तक बना हुआ है। दोनों देशों के बीच 60 दिनों के समझौते (MoU) की अवधि खत्म होते ही पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह स्ट्रैट ऑफ हॉरमुज को लेकर ईरान के साथ किसी सौदे में बाधा डालता है, तो अमेरिका उस पर जोरदार हमला बोलेगा।

फॉक्स न्यूज के संवाददाता ट्रेय यिंगस्ट से फोन पर बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ लहजे में कहा, “अगर ओमान हमारे रास्ते में आया, तो हम उन पर जमकर बमबारी करेंगे।”

‘ईरानी अच्छे पोकर खिलाड़ी, मगर आर्थिक कंगाल’

ट्रंप ने कहा कि ईरान को इस मोड़ पर आत्मसमर्पण का सफेद झंडा फहरा देना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि युद्ध खत्म करने की उनकी कोई तय समय-सीमा नहीं है और वह किसी जल्दबाजी में नहीं हैं।

ट्रंप ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि ईरानी शासन पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, “ईरानी अच्छे पोकर खिलाड़ी हैं, लेकिन वे आर्थिक रूप से पस्त हो रहे हैं।”

हथियारों की कमी के दावों को खारिज करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अब तक अमेरिका ने जो इस्तेमाल किया है, वह बेहद मामूली (पीनट्स) है। देश के पास मध्य-स्तरीय हथियारों का बड़ा भंडार मौजूद है।

ओमान-ईरान वार्ता पर तेहरान का रुख

यह बयान ऐसे समय में आया है जब ओमान और ईरान रणनीतिक जलमार्ग में सुरक्षित वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही के लिए एक साझा रूट मैप बनाने पर चर्चा कर रहे हैं।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बघाई ने कहा कि जटिल मुद्दों, कई पक्षों की मौजूदगी और कुछ तत्वों के “विनाशकारी प्रयासों” के कारण वार्ता में देरी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वार्ता का मकसद कड़ी देशों की संप्रभुता और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है, और तेहरान-मस्कट के बीच बातचीत गंभीरता से जारी है।

यह भी पढ़ें – चीनी में ‘एथनिक यूनिटी लॉ’ के खिलाफ स्विट्जरलैंड की सड़कों पर उतरे तिब्बती, स्विस संसद के पास किया विरोध प्रदर्शन

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।