गांधीनगर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को विक्रम संवत 2083 के पहले दिन नए साल की शुभकामनाएं देते हुए विकसित और ‘नशा मुक्त गुजरात’ बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य के लक्ष्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और ‘नशा मुक्त भारत’ के विजन से जोड़कर देखा।
सीएम पटेल ने गुजराती नववर्ष की शुरुआत गांधीनगर के पंचदेव मंदिर में पूजा-अर्चना करके की, जहां उन्होंने नागरिकों की खुशी, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने मंदिर में भक्तों से बातचीत की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री बाद में अडालज स्थित त्रिमंदिर गए, जहां उन्होंने सीमंधर स्वामी और अन्य देवताओं को प्रणाम किया और पूज्य निरुमा और दादा भगवान को नमन किया।
उन्होंने लोगों के कल्याण, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि और गुजरात की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने दादा भगवान परिवार के भक्तों और अनुयायियों से भी मुलाकात की और उनके साथ नए साल की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में मुख्यमंत्री आवास परिसर के कम्युनिटी सेंटर में लोगों से मुलाकात की, जहां उन्होंने गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “विक्रम संवत 2083 की शुरुआत पर मैं सभी को हार्दिक नववर्ष की शुभकामनाएं देता हूं। मैंने भगवान से सभी के अच्छे स्वास्थ्य और उनके जीवन में खुशी, शांति और समृद्धि के साथ आगे बढ़ने की प्रार्थना की है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत और नशा मुक्त भारत के विजन के साथ, मुझे आशा है कि हम सभी विकसित गुजरात और नशा मुक्त गुजरात की दिशा में मिलकर काम करेंगे।”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए संदेश में मुख्यमंत्री ने राज्य में रहने वाले गुजरातियों के साथ-साथ भारत और विदेशों में रहने वाले गुजरातियों को भी नए साल की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आपसी स्नेह, सामाजिक सद्भाव और कड़ी मेहनत को मजबूत करने का भी आह्वान किया।
सीएम पटेल ने नागरिकों से ‘विकसित गुजरात से विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर मिलकर काम करने का आग्रह किया और ‘वोकल फॉर लोक’ पहल के तहत स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्योगों को समर्थन देने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि समृद्धि समाज के सबसे दूरस्थ वर्गों तक पहुंचे और नागरिक आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान दें।
पंचदेव मंदिर में पूजा के दौरान गांधीनगर के मेयर रूप सिंह ठाकोर, विधायक रीता पटेल, शहर संगठन अध्यक्ष आशीष दवे, स्थायी समिति अध्यक्ष महेंद्र और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



