दिल्ली लक्ष्मी योजना के विरोध पर भाजपा का बड़ा कदम, ‘आप’ के 22 विधायकों के घरों के बाहर होगा प्रदर्शन

Summary :

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के 22 विधायकों के घरों के बाहर एक साथ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। भाजपा का कहना है कि ये प्रदर्शन दिल्ली विधानसभा में आप विधायकों द्वारा दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध किए जाने के खिलाफ किए जाएंगे। दिल्ली भाजपा के एक नेता ने रविवार को बताया कि पार्टी के महासचिव एमएल गिहारा सुबह 8 बजे होने वाले इन सभी प्रदर्शनों का समन्वय करेंगे। प्रदर्शन एक साथ 22 आप विधायकों के आवासों के बाहर किए जाएंगे। इस बीच दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर…

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के 22 विधायकों के घरों के बाहर एक साथ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। भाजपा का कहना है कि ये प्रदर्शन दिल्ली विधानसभा में आप विधायकों द्वारा दिल्ली लक्ष्मी योजना का विरोध किए जाने के खिलाफ किए जाएंगे।

दिल्ली भाजपा के एक नेता ने रविवार को बताया कि पार्टी के महासचिव एमएल गिहारा सुबह 8 बजे होने वाले इन सभी प्रदर्शनों का समन्वय करेंगे। प्रदर्शन एक साथ 22 आप विधायकों के आवासों के बाहर किए जाएंगे।

इस बीच दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आप नेताओं अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राजनीतिक निराशा के संकेत दे रहे हैं और केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।

कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा दिल्ली में कराए जा रहे विकास कार्यों और महिलाओं व बेटियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से आप की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है।

उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आप की संभावित हार को लेकर सर्वे सामने आने के बाद से अरविंद केजरीवाल की पूरी टीम बेबुनियाद आरोप लगाने और फिर उनसे बचने की राजनीति कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि आप नेताओं की राजनीतिक भाषा पूरी तरह से मर्यादा खो चुकी है।

कपूर ने कहा कि दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि आप दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली सरकार पर झूठे और निराधार आरोप लगाने की कोशिश की।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली की जनता अब आप नेताओं पर भरोसा नहीं करती है। उन्होंने कहा, ”दिल्ली सरकार में कोई घोटाला नहीं हुआ है। मैं सौरभ भारद्वाज और संजीव झा को कड़ी चेतावनी देता हूं कि वे झूठ और धोखे की राजनीति बंद करें और माफी मांगें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल और भारद्वाज समेत सभी आप नेताओं के लिए बेहतर होगा कि वे भाजपा और दिल्ली सरकार से माफी मांगें, अन्यथा दिल्ली, पंजाब और देश की जनता उन्हें राजनीतिक रूप से जवाब देगी।

बता दें कि दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की महिलाओं ने इस योजना में सबसे अधिक रुचि दिखाई है।

–आईएएनएस

एएमटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.