अहमदाबाद, 4 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद जिले में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले उत्तर प्रदेश के 40 वर्षीय मजदूर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना कथित रूप से ‘अप्राकृतिक यौन संबंध’ की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। इस मामले में मृतक के सहकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी की पहचान भोलेराम चौहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का रहने वाला है। धोलका ग्रामीण पुलिस ने 3 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया।
मृतक पवन कुमार उर्फ कमांडर उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले का निवासी था। वह अन्य मजदूरों के साथ गुजरात में ईंट भट्ठे पर काम करने आया था।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 नवंबर की रात 9 बजे से 10 बजे के बीच धोलका तालुका के मंडनपुरा गांव के बाहरी इलाके में एक नहर के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, रात के खाने के समय दोनों मजदूर यह कहकर भट्ठे से निकले थे कि उन्हें कुछ सामान लाना है, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद मजदूरों का सुपरवाइजर उन्हें तलाशने निकला।
नहर की ओर जाते समय सुपरवाइजर की मुलाकात भोलेराम से हुई, जो सामने से आ रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि पवन कुमार ने उससे अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने की मांग की थी, जिसके बाद दोनों के बीच बहस और मारपीट हो गई।
पुलिस के अनुसार, भोलेराम ने अपनी बेल्ट से पवन कुमार का गला घोंट दिया। इसके बाद सुपरवाइजर उसे नहर के पास ले गया, जहां खेत की मेड़ के पास पवन कुमार का शव मिला।
सुपरवाइजर आरोपी को वापस ईंट भट्ठे पर लाया और मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि पवन कुमार 1 नवंबर की दोपहर अन्य मजदूरों के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचा था। सभी मजदूर अपने रहने के लिए एक कमरा बना रहे थे। शाम को वे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे, तभी पवन कुमार और भोलेराम वहां से चले गए थे।
मृतक के बड़े भाई ने 2 नवंबर को धोलका ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि 3 नवंबर को पूछताछ के दौरान भोलेराम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे शाम 5:30 बजे गिरफ्तार किया गया और पुलिस ने उसका रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



