भुवनेश्वर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। एक चौंकाने वाली घटना में मंगलवार देर रात भुवनेश्वर के लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुद्धनगर इलाके में एक 76 वर्षीय महिला की उसके घर के अंदर कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान कुंजलता नंदा के रूप में हुई है। वह एक गृहिणी थीं और पति की मौत के बाद पिछले कुछ महीनों से घर में अकेली रह रही थीं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पति की मौत के बाद बुजुर्ग महिला की देखभाल के लिए खुर्दा जिले के तंगी इलाके का रहने वाला एक घरेलू सहायक, बलाभद्र महाराणा, उसी घर में रह रहा था।
बुधवार को जब बुजुर्ग महिला ने काफी देर तक अपना कमरा नहीं खोला तो किरायेदारों ने उनके रिश्तेदारों को सूचना दी। किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मौजूदगी में जब दरवाजा खोला गया तो बुजुर्ग महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि महिला ने जो सोने के गहने पहने हुए थे, वे गायब हैं और घर का कुछ अन्य सामान भी नदारद है। सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्त सिंह, भुवनेश्वर के डीसीपी डॉ. सरवण विवेक एम. और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ वैज्ञानिक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
भुवनेश्वर के डीसीपी ने कहा, “हमारी शुरुआती जांच के अनुसार, एक घरेलू सहायक पिछले छह महीनों से महिला के घर में रह रहा था और उनकी मदद कर रहा था। घटना के बाद से वह फरार है और अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। वह शक के घेरे में है और घर के अंदर का सामान भी बिखरा हुआ मिला है, इसलिए हमें शक है कि यह लूट के इरादे से की गई हत्या का मामला हो सकता है। वह घरेलू सहायक हमारा मुख्य संदिग्ध है।”
उन्होंने आगे कहा कि पूरी पुलिस टीम इस मामले पर काम कर रही है और उम्मीद जताई कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीसीपी ने मीडिया को यह भी बताया कि महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं।
हालांकि, मौत का असली कारण शव के पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने और संदिग्ध के पकड़े जाने के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी सामने आएगी।
मृतक के दामाद की शिकायत के आधार पर, लक्ष्मी सागर पुलिस स्टेशन में इस संबंध में एक मामला (777/26) दर्ज किया गया है।
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



