हैदराबाद, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (बीएसई तेलंगाना) ने बुधवार को माध्यमिक विद्यालय प्रमाणपत्र (एसएससी)-कक्षा 10वीं की परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए, जिसमें लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया।
घोषित नतीजों के आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष रेगुलर उम्मीदवारों का उत्तीर्णता प्रतिशत 95.15 रहा, जो कि पिछले साल की तुलना में बेहतर है। पिछले साल 10वीं की परीक्षा में 92.78 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए थे।
बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (बीएसई) के अनुसार, मार्च-अप्रैल में आयोजित हुई परीक्षाओं में कुल 5,16,815 रेगुलर छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 4,91,774 छात्र परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं।
रेगुलर लड़कों का पासिंग प्रतिशत 94.07 है, जबकि लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.26 दर्ज किया गया है। पिछले साल रेगुलर लड़कों का उत्तीर्णता प्रतिशत 91.32 था, जबकि लड़कियों का उत्तीर्णता प्रतिशत 94.26 था।
सरकार के सलाहकार डॉ. के केशवा राव ने बुधवार को शिक्षा सचिव योगिता राणा और स्कूल शिक्षा निदेशक ई नवीन निकोलस की मौजूदगी में नतीजे जारी किए।
जिलों में, मुलुगु 99.30 फीसदी पास प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर रहा। नागरकुरनूल दूसरे और निर्मल तीसरे स्थान पर रहा, जिनका पास प्रतिशत 99.03 और 98.96 रहा।
पंचायती राज और ग्रामीण विकास, ग्रामीण जल आपूर्ति और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री, दानसारी सीतक्का ने 10वीं कक्षा की परीक्षा के नतीजों में मुलुगु जिले के पहले स्थान पर आने पर खुशी जाहिर की। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और छात्रों को बधाई दी।
वहीं, 33 जिलों की सूची में हैदराबाद सबसे नीचे रहा, जहां 89.23 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास की।
ये परीक्षाएं पूरे राज्य में कुल 2,676 केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। इस बार, बीएसई ने सीबीएसई और अन्य बोर्डों की तरह ही हर परीक्षा के बीच चार से पांच दिनों का अंतराल दिया। बीएसई ने बताया कि छात्रों और अभिभावकों ने इस कदम की काफी सराहना की।
छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने नतीजे देख सकते हैं। इसके अलावा स्टूडेंट्स व्हाट्सएप सेवा के जरिए भी अपने नतीजे चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 8096958096 पर ‘हाई’ लिखकर एक मैसेज भेजना होगा, और फिर हॉल टिकट नंबर बताने के लिए दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
–आईएएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



