मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। एस्सार समूह की कंपनी और एलएनजी एवं इलेक्ट्रिक से चलने वाले भारी वाणिज्यिक ट्रकों के क्षेत्र में भारत की अग्रणी ग्रीन लॉजिस्टिक्स ऑपरेटर ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने किर्लोस्कर फेरस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इसके तहत किर्लोस्कर फेरस के लॉजिस्टिक्स परिचालन में सहायता के लिए इलेक्ट्रिक ट्रकों को तैनात किया जाएगा।
इस साझेदारी के तहत महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित तलोजा में किर्लोस्कर फेरस के संयंत्र से इलेक्ट्रिक ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस तैनाती से किर्लोस्कर फेरस की माल ढुलाई में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को शामिल किया गया है। इससे औद्योगिक लॉजिस्टिक्स में कम उत्सर्जन वाले समाधानों का एक और उपयोग सामने आया है।
यह सहयोग औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखलाओं में वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले परिवहन की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। कंपनियां ऐसे समाधानों की तलाश कर रही हैं, जो परिचालन संबंधी जरूरतों के साथ-साथ उनके पर्यावरणीय लक्ष्यों को भी पूरा कर सकें।
इस साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस लिमिटेड के सीईओ मधुर तनेजा ने कहा, “ग्रीनलाइन में हमारा ध्यान विभिन्न लॉजिस्टिक्स जरूरतों के अनुरूप समाधानों के माध्यम से कम उत्सर्जन वाले माल परिवहन को बढ़ावा देने पर है। लंबी दूरी के परिवहन को कार्बन उत्सर्जन से मुक्त करने की हमारी रणनीति में एलएनजी की महत्वपूर्ण भूमिका बनी हुई है, जबकि इलेक्ट्रिक ट्रक उन क्षेत्रों में नए अवसर प्रदान करते हैं, जहां इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उपयुक्त है। किर्लोस्कर फेरस के साथ हमारी साझेदारी इलेक्ट्रिक ट्रकों की तैनाती का विस्तार करने और कंपनियों को अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं में स्वच्छ परिवहन समाधान शामिल करने में मदद देने की दिशा में एक और कदम है।”
किर्लोस्कर फेरस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (केएफआईएल) के लीडरशीप टीम ने कहा, “संयंत्रों के बीच लॉजिस्टिक्स का विद्युतीकरण वह क्षेत्र है, जहां स्थिरता और परिचालन उत्कृष्टता का मेल होता है। इससे अधिक दक्षता, कम लागत और स्वच्छ भविष्य को बढ़ावा मिलता है।”
ग्रीनलाइन भारत में एलएनजी और इलेक्ट्रिक से चलने वाले भारी वाणिज्यिक ट्रकों के अपने बढ़ते बेड़े के माध्यम से सड़क माल परिवहन को कम उत्सर्जन वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी प्रमुख माल परिवहन गलियारों में 1,200 से अधिक वाहनों का संचालन करती है। यह इस्पात, सीमेंट, खनन, एफएमसीजी और रसायन सहित विभिन्न उद्योगों को सेवाएं प्रदान करती है।
कंपनी के बेड़े ने सामूहिक रूप से 10 करोड़ किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की है, जिससे ग्राहकों को 30,000 टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ2) उत्सर्जन कम करने में मदद मिली है।
किर्लोस्कर फेरस के साथ यह साझेदारी औद्योगिक क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का विस्तार करने और कंपनियों को माल परिवहन के अधिक टिकाऊ विकल्प अपनाने में मदद देने के ग्रीनलाइन के प्रयासों की दिशा में एक और कदम है।
–आईएएनएस
एबीएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



