तिरुवनंतपुरम, 8 सितंबर (आईएएनएस)। केरल इस समय भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली संकट की मार झेल रहा है। राज्य में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है और अगले एक दिन तक ऐसी ही स्थिति रहने की आशंका है। कई इलाकों में बिजली कटौती जारी रहने की भी संभावना है।
सोमवार को राज्य में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को भी गर्मी का यही हाल बना रहेगा। राहत की उम्मीद बुधवार से है, जब राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही बिजली की खपत में भी तेज उछाल आया है। केरल राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) के अनुमान के मुताबिक मांग में 800 मेगावाट तक की बढ़ोतरी हुई है।
पीक आवर्स के दौरान राज्य के बाहर से पर्याप्त बिजली उपलब्ध न होने के कारण केएसईबी ने सोमवार को कई इलाकों में एक घंटे तक की बिजली कटौती लागू की। अगर मंगलवार को भी मांग का यही पैटर्न रहा तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
केएसईबी ने बताया कि शॉर्ट-टर्म पावर कॉन्ट्रैक्ट न होने और रियल-टाइम बिजली बाजार में कीमतें ज्यादा होने से अतिरिक्त बिजली खरीदना मुश्किल हो रहा है।
हालांकि बोर्ड ने सितंबर महीने के लिए बिजली खरीदने के टेंडर जारी किए थे, लेकिन पीक आवर्स के दौरान बिजली सप्लाई के लिए कोई भी कंपनी आगे नहीं आई, जिससे मांग में अचानक हुई बढ़ोतरी को पूरा करने के लिए बोर्ड के पास सीमित विकल्प बचे हैं।
इस बीच, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भीषण गर्मी को देखते हुए कई एहतियाती उपाय जारी किए हैं, क्योंकि तेज गर्मी से लू लगने, थकावट और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है।
अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सीधे धूप में निकलने से बचें, खासकर सबसे गर्म घंटों के दौरान, खूब पानी पिएं और अत्यधिक गर्मी से जुड़े लक्षणों को लेकर सतर्क रहें।
मौसम विभाग ने 7 से 9 सितंबर तक हीटवेव की चेतावनी जारी की है और कहा है कि पूरे राज्य में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है।
घरों और प्रतिष्ठानों में कूलिंग उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल से बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है, जिससे पहले से ही दबाव में चल रही बिजली आपूर्ति प्रणाली पर और ज्यादा दबाव पड़ रहा है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



