नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि जोशीमठ के पास हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे की प्रारंभिक और नियामकीय जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की एक टीम देहरादून भेजी गई है।
मंत्रालय के अनुसार, ट्रांसभारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर चाई गांव के पास वन क्षेत्र में गिर गया।
मंत्रालय ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ हेलीपैड से उड़ान भरी थी और वह देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड जा रहा था। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। दुर्घटनास्थल पर मलबा मिल गया है और खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया। इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने को कहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हादसे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाए और राहत व सहायता के सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।
हादसे के बाद उत्तराखंड पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और सेना की संयुक्त टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनास्थल से पायलट सहित सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्गम क्षेत्र में स्थित दुर्घटनास्थल से शवों को सड़क संपर्क वाले स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
डीजीसीए की टीम अब दुर्घटना के कारणों, मौसम की परिस्थितियों, तकनीकी पहलुओं और उड़ान संचालन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी।
–आईएएनएस
एएमटी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



