नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने अफगानिस्तान के भीतर पाकिस्तान द्वारा किए गए हालिया हवाई हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे संप्रभु अफगानिस्तान के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई बताया है। इन हमलों में कई नागरिकों की मौत हुई है और नागरिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि भारत अफगानिस्तान की जमीन पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें कई नागरिकों की जान गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।
उन्होंने कहा, “यह पाकिस्तान की ओर से एक और आक्रामक कदम है, जो संप्रभु अफगानिस्तान की अवधारणा के प्रति उसकी शत्रुतापूर्ण सोच को दर्शाता है।”
उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान की आवश्यकता पर जोर देता है।
अफगान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों में काबुल में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
अफगान अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान ने काबुल के अलावा कंधार, पक्तिका, खोस्त और नंगरहार प्रांतों में भी गुरुवार रात और शुक्रवार को हवाई हमले किए। कंधार में एक तेल डिपो को निशाना बनाए जाने की भी खबर है।
इसके जवाब में अफगानिस्तान के अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और प्रतिष्ठानों पर हमला किया है।
काबुल की ओर से जारी बयान के अनुसार, कोहाट में सैन्य किले और डूरंड लाइन के पास स्थित युद्ध कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया।
अफगान रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पाकिस्तानी सेना की ओर से गुरुवार रात किए गए हमलों के जवाब में अफगान वायुसेना ने शुक्रवार सुबह खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना के रणनीतिक सैन्य केंद्रों और प्रतिष्ठानों पर हमला किया।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



