टीसीएस विवाद के बाद, इन्फोसिस ने पुणे ऑफिस में उत्पीड़न को लेकर सोशल मीडिया पर लगे आरोपों को खारिज किया

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। टीसीएस के नासिक ऑफिस में महिलाओं के शोषण को लेकर लगे आरोपों के बाद, आईटी कंपनी इन्फोसिस ने सोशल मीडिया पर लगे उन आरोपों को खारिज दिया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि कंपनी की पुणे में मौजूद बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट (बीपीएम) इकाई में उत्पीड़न हो रहा है।

कंपनी की ओर से यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब कार्यस्थल पर उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण के आरोपों को लेकर नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) सुर्खियों में है और महाराष्ट्र में आईटी क्षेत्र की गहन जांच चल रही है।

इन्फोसिस विवाद तब सामने आया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट में पुणे स्थित उसकी इकाई में महिला कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार का आरोप लगाया गया।

हालांकि, बाद में इन पोस्ट को हटा दिया गया। महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने कहा कि सरकार ने इन आरोपों का संज्ञान लिया है।

इन्फोसिस ने कहा कि वह उत्पीड़न और भेदभाव के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का पालन करती है।

कंपनी ने कहा, “इन्फोसिस किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या भेदभाव के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाती है।”

आईटी फर्म ने आगे कहा कि रिपोर्ट किए गए किसी भी मुद्दे को गंभीरता से लिया जाता है और एक स्वतंत्र समिति द्वारा उसकी जांच की जाती है, और वह एक “स्पीक-अप कल्चर” को बढ़ावा देती है, जो कर्मचारियों को कई माध्यमों से अपनी चिंताओं को बताने के लिए प्रोत्साहित करती है।

कंपनी ने यह भी कहा कि उसने मामले की जांच के लिए अपनी ग्लोबल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुरूप आंतरिक प्रक्रियाओं और निवारक तंत्रों को सक्रिय कर दिया है।

यह घटनाक्रम टीसीएस नासिक मामले के बाद सामने आया है, जिसमें कई महिला कर्मचारियों ने 2022 से 2026 के बीच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

शिकायतों में यौन उत्पीड़न, पीछा करना, अनुचित स्पर्श, आपत्तिजनक टिप्पणियां, मानसिक उत्पीड़न और कुछ धार्मिक प्रथाओं को अपनाने या धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने के आरोप शामिल हैं।

जांचकर्ताओं ने 40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की है और शिकायतकर्ताओं और आरोपियों के बयान दर्ज कर रहे हैं।

पुलिस ने जांच के सिलसिले में महिला कर्मचारियों को शामिल करते हुए एक गुप्त अभियान भी चलाया है।

जांच अभी जारी है और अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एनडीटीवी प्रॉफिट के अनुसार, एक संबंधित घटनाक्रम में, टीसीएस अधिकारियों ने आरोपों की आंतरिक जांच के तहत इस सप्ताह अपने नासिक कार्यालय का औचक दौरा किया।

कंपनी ने एक विशेष जांच समिति का गठन किया है और शिकायतों की जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के तहत कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं।

सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान कई शिकायतें सामने आईं, जिससे जांच का दायरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर, टीसीएस ने जांच जारी रहने तक नासिक स्थित अपनी इकाई के लगभग 120 कर्मचारियों को इस सप्ताह से घर से काम करने का निर्देश दिया है।

इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने नासिक स्थित टीसीएस बीपीओ इकाई में महिलाओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटनाओं की विस्तृत जांच के लिए एक तथ्य-जांच समिति का गठन किया है। समिति 10 कार्य दिवसों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

–आईएएनएस

एबीएस/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।