श्रीनगर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक अंतरराज्यीय आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। साथ ही दो पाकिस्तानी नागरिकों सहित पांच आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमों ने हरियाणा, राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में 19 जगहों पर एक साथ छापेमारी की। इस ऑपरेशन के दौरान एलईटी के एक ऑपरेटिव अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा को गिरफ्तार किया गया, जो पिछले 16 सालों से फरार चल रहा था।
अधिकारियों ने बताया, “विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के दौरान आतंकवादी गतिविधियों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।”
अधिकारियों ने आगे कहा कि इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने से भारत में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक गहरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जो आतंकवादियों को रसद, वित्तीय सहायता और अन्य मदद मुहैया करा रहा था।
इस संगठन में सीमा पार से काम करने वाले पाकिस्तानी हैंडलर, पाकिस्तान के किराए के लड़ाके और स्थानीय लोग शामिल हैं, जिन्हें धर्म, नशीले पदार्थों और पैसे का इस्तेमाल करके ब्रेनवाश के जरिए भर्ती किया गया है।
लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला किया था, जिसमें 26 बेकसूर लोग की जान चली गई थी, जिनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय शामिल थे।
इस हमले के जवाब में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया था।
लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने 20 अक्टूबर, 2024 को गांदरबल जिले के गगनगीर इलाके में जेड-मोरह सुरंग पर काम कर रहे मजदूरों पर भी एक आतंकी हमला किया। इस हमले में 6 विदेशी मजदूर और एक स्थानीय डॉक्टर की मौत हो गई थी।
भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस सहित संयुक्त बलों ने जुलाई 2025 में ‘ऑपरेशन महादेव’ अभियान में हलगाम और गगनगीर हमलों के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को मार गिराया था।
–आईएएनएस
एसके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



