बेंगलुरु, 10 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता आर. अशोक ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार के 100 दिनों के कार्यों और कांग्रेस पार्टी के जश्न पर सवाल उठाए।
भाजपा नेता अशोक ने एक बयान में कहा कि उपलब्धि कहां है? सरकार किस बात का जश्न मना रही है? मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने पूछा, “ऐसे जश्न का क्या मकसद है? आप किस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं? जब लोगों को दिखाने के लिए एक भी बड़ी उपलब्धि नहीं है, तो क्या यह जश्न नाकामियों को उपलब्धियों के तौर पर पेश करने के लिए है?”
अशोक ने आरोप लगाया कि सरकार समाज के हर वर्ग के लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरने में नाकाम रही है।
महिलाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ‘गृह लक्ष्मी योजना’ की लाभार्थियों को पैसों के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है और बार-बार सरकारी दफ्तरों व बैंकों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जहां नौकरी पाने के लिए मेरिट से अधिक भ्रष्टाचार और रिश्वत अहम हो गई है।
शिक्षा के मुद्दे पर अशोक ने दावा किया कि छात्रों को समय पर किताबें नहीं मिल रही हैं। कई स्कूलों में क्लासरूम की छतें टपक रही हैं और वे जर्जर हालत में हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों को दिए गए घटिया क्वालिटी के जूते और मोजे एक दिन में ही खराब हो रहे हैं।
सूखे की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि फसल के नुकसान का सामना कर रहे किसानों को न तो सूखे से निपटने के लिए पर्याप्त मदद मिली और न ही सरकार से कोई उचित प्रतिक्रिया। अशोक ने यह भी आरोप लगाया कि बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए पेंशन सहायता कम कर दी गई है, जबकि मध्यम वर्ग जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों और टैक्स के बोझ तले दबा हुआ है।
राज्य की राजधानी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में सड़कें गड्ढों से भरी पड़ी हैं और सड़कों के किनारे कचरा पड़ा है। अशोक ने कहा, “आपने ‘ब्रांड बेंगलुरु’ की बात की थी, लेकिन असल में आपने ‘ब्रोकन बेंगलुरु’ (टूटा-फूटा बेंगलुरु) दिया है।”
यह सवाल उठाते हुए कि क्या इन्हें सरकार के पहले 100 दिनों की उपलब्धियां माना जा सकता है, अशोक ने कहा कि लोग अंधेरे में जी रहे हैं, जबकि सरकार के जश्न का आयोजन स्थल जगमगा रहा है। उन्होंने कहा, “कर्नाटक को विकास की रोशनी चाहिए। आपने जो दिया है, वह तो सिर्फ स्टेज की चकाचौंध है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी चाहिए थी, लेकिन उन्हें सिर्फ विज्ञापन दिए गए, किसानों को मुआवजा चाहिए था लेकिन उन्हें सिर्फ सम्मेलन दिए गए और महिलाओं को समय पर आर्थिक मदद चाहिए थी लेकिन उन्हें सिर्फ पब्लिसिटी इवेंट दिए गए।
अशोक ने आगे आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए शानदार लाइटिंग और पब्लिसिटी का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा, “आप अपनी उपलब्धियां नहीं दिखा पाए, इसलिए सजावट दिखा रहे हैं। आप विकास नहीं दिखा पाए, इसलिए लाइटिंग दिखा रहे हैं। आप अच्छा शासन नहीं दिखा पाए, इसलिए फिजूलखर्ची दिखा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता अशोक ने कहा, “कर्नाटक में रोशनी नहीं आई, लेकिन आपके स्टेज पर जरूर आ गई। लोगों की जिंदगी नहीं बदली, लेकिन आपका पब्लिसिटी कैंपेन जरूर चमक उठा।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



