तिरुवनंतपुरम, 9 नवंबर (आईएएनएस)। सीपीआईएम के महासचिव एमए बेबी ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इस सरकार को ‘सड़क छाप गुंडे’ की तरह बर्ताव करने वाला शासन करार दिया और इसके कदमों के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेता एमवी राघवन की 12वीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए बेबी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह चुनाव आयोग की नियुक्ति को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी कर रही है और उन्हें पूरी तरह से दरकिनार कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कदमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाने चाहिए, चाहे पार्टी सत्ता में हो या न हो।
बेबी ने इस मौके का इस्तेमाल चुनावी हार और सांगठनिक ताकत पर चर्चा करने के लिए भी किया। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने पर पार्टियों को जनता को दोष नहीं देना चाहिए, बल्कि खुद से पूछना चाहिए कि उन्होंने क्या गलत किया है।
उन्होंने कहा कि राघवन सांगठनिक क्षमता के एक बेहतरीन उदाहरण थे। उन्होंने याद किया कि राघवन को राजनीतिक संगठन बनाने और उसे सक्रिय करने की असाधारण समझ थी।
ये टिप्पणियां इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि सीपीआईएम के साथ राघवन के संबंध काफी उतार-चढ़ाव भरे रहे थे। 1986 में जब उन्होंने एक वैकल्पिक रणनीतिक रास्ता अपनाने का प्रस्ताव रखा तो उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था।
उस समय वे पार्टी के सबसे बड़े नेताओं में से एक थे। यहां तक कि पिनाराई विजयन भी उनसे कनिष्ठ थे।
सात बार विधायक रहे राघवन, पार्टी से निकाले जाने से पहले चार बार सीपीआईएम के टिकट पर चुने गए थे।
बाद में उन्होंने ‘कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी’ (सीएमपी) बनाई, जो कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की सहयोगी बन गई। वे यूडीएफ सरकारों में दो बार मंत्री रहे।
सीपीआईएम छोड़ने के बाद राघवन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के कड़े आलोचक बने रहे। वे अक्सर पूर्व मुख्यमंत्रियों ई.के. नयनार और वी.एस. अच्युतानंदन के साथ-साथ विजयन को भी निशाना बनाते थे।
सोमवार को, बेबी ने सोशल मीडिया पर हो रही उस आलोचना को खारिज कर दिया, जिसमें सवाल उठाया गया था कि उन्होंने राघवन के नाम पर दिया जाने वाला पुरस्कार क्यों स्वीकार किया, जबकि वे खुद राघवन की आलोचना कर चुके थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपनी सांगठनिक प्रक्रियाओं के तहत राघवन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी।
उन्होंने याद दिलाया कि अच्युतानंदन के कार्यकाल के दौरान ‘सेल्फ-फाइनेंसिंग’ (स्व-वित्तपोषित) मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधन को सरकार के साथ सहयोग करने के लिए राजी करने में राघवन ने अहम भूमिका निभाई थी।
राघवन के निधन के बाद उनकी पार्टी सीएमपी दो गुटों में बंट गई, जिसमें से एक गुट यूडीएफ के साथ बना रहा।
राज्य के परिवहन मंत्री सीपी जॉन, जो राघवन के करीबी सहयोगी थे और 1986 में उनके साथ ही सीपीआईएम से अलग हुए थे, आज भी उसी गुट का नेतृत्व कर रहे हैं।
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



