कोलकाता, 5 नवंबर (आईएएनएस)। चक्रवात मुरासु के कमजोर पड़ने के बाद गुरुवार को दक्षिण बंगाल के जिलों में सूखा मौसम लौट आया। तापमान में साफ गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को सर्दियों की हल्की आहट महसूस हुई।
कोलकाता में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे शहर के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि कोलकाता में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान और गिरेगा। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी इसी तरह की गिरावट की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार तक इस क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं है। रविवार को काली पूजा है। हालांकि, अगले हफ्ते बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे सोमवार से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में गरज-चमक और बिजली के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, अगले हफ्ते बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। हालांकि, उत्तर बंगाल के लिए अभी तक बारिश का कोई अनुमान नहीं है।
उत्तरी जिलों में अभी सूखा मौसम जारी रहेगा। दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है लेकिन रात में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आने की उम्मीद है। रात के तापमान में गिरावट उत्तर बंगाल में धीरे-धीरे सर्दियों के आने का संकेत दिखेगा।
कोलकाता में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को यह गिरकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो अभी भी मौसमी औसत से 1.3 डिग्री ज्यादा है। अगले दो दिनों में पारा और गिरेगा और 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
शहर में अधिकतम तापमान भी कम हुआ है। कोलकाता में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है।
ठंडी हवाओं ने कोलकाता और कई जिलों के लोगों को राहत दी है। हल्की ठंड सर्दियों के आने का शुरुआती संकेत दे रही है।
कोलकाता में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। भारी बारिश की संभावना नहीं है लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



