अमरावती, 15 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में शुक्रवार तड़के एक निजी बस में आग लगने से उसमें सवार 36 यात्री बाल-बाल बच गए। यह दुर्घटना उलावपाडु मंडल के भीमावरम अड्डा रोड पर हुई। पुलिस ने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।
यह प्राइवेट बस हैदराबाद से तिरुपति जा रही थी। ड्राइवर ने इंजन से धुआं निकलते देखा। सूझबूझ दिखाते हुए उसने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को सतर्क किया। आग लगने से पहले ही सभी यात्री बस से उतरने में कामयाब हो गए। सभी यात्रियों के उतरते ही सबने राहत की सांस ली। दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाल ही के महीनों में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बसों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
27 अप्रैल को तेलंगाना के मेडक जिले में एक निजी ट्रैवल बस में आग लग गई। दुर्घटना के समय बस में कोई यात्री नहीं था। बस में मौजूद ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति ने आग देखते ही तुरंत बस से उतर गए।
आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में 26 मार्च को एक निजी ट्रैवल बस की टिपर ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें आग लगने से कम से कम 14 लोग जिंदा जल गए और 15 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना रायवरम के पास एक पत्थर की खदान के पास हुई। आग में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
24 अक्टूबर 2025 को आंध्र प्रदेश के कुरनूल कस्बे के पास एक दुर्घटना में सड़क पर पड़ी एक मोटरसाइकिल को कुचलने के बाद एक निजी बस में आग लग गई, जिसमें 19 लोगों की जलकर मौत हो गई। एक निजी टूर ऑपरेटर की इस बस में 46 लोग सवार थे। बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी, तभी कुरनूल के बाहरी इलाके में चिन्नटेकर गांव के पास यह भयावह दुर्घटना घटी।
3 नवंबर, 2025 को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक बस-ट्रक की टक्कर में 19 लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए।
–आईएएनएस
एसके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



