तेलंगाना : करीमनगर में हथियारबंद गिरोह ने 66 तोला सोना और 21 लाख रुपये लूटे

Summary :

हैदराबाद, 22 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के करीमनगर कस्बे में हुई एक बड़ी लूट की घटना में हथियारबंद गिरोह ने घर के सदस्यों को चाकू और रिवॉल्वर से धमकाकर 66 तोला सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात भगत नगर इलाके में करीब आठ अज्ञात लोगों के एक गिरोह ने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश लुटेरे उस समय घर में घुस आए, जब मकान मालिक अजमत अली सोने से पहले लाइट बंद करने के लिए पहली मंजिल से नीचे आए थे। लुटेरों ने बुजुर्ग अजमत अली को पकड़ लिया और…

हैदराबाद, 22 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के करीमनगर कस्बे में हुई एक बड़ी लूट की घटना में हथियारबंद गिरोह ने घर के सदस्यों को चाकू और रिवॉल्वर से धमकाकर 66 तोला सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात भगत नगर इलाके में करीब आठ अज्ञात लोगों के एक गिरोह ने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया।

नकाबपोश लुटेरे उस समय घर में घुस आए, जब मकान मालिक अजमत अली सोने से पहले लाइट बंद करने के लिए पहली मंजिल से नीचे आए थे। लुटेरों ने बुजुर्ग अजमत अली को पकड़ लिया और उनका मुंह टेप से बांध दिया। इसके बाद वे उन्हें घर के अंदर ले गए और उनकी जमकर पिटाई की।

अपराधियों ने अली की पत्नी और उनकी दो बेटियों के साथ भी मारपीट की। चाकू और रिवॉल्वर से लैस लुटेरों ने धमकी दी कि अगर किसी ने शोर मचाया तो वे उन्हें मार डालेंगे।

सभी लोगों को बांधने के बाद गिरोह ने 66 तोला सोने के आभूषण, 21 लाख रुपये नकद और 10 तोला चांदी लूट ली।

भागने से पहले उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन भी छीन लिए, ताकि वे पुलिस को सूचना न दे सकें और किसी से मदद न मांग सकें।

गिरोह भूतल पर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी चोरी कर ले गया।

पुलिस को शक है कि लुटेरे वेमुलावाड़ा बाईपास के रास्ते फरार हुए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि लुटेरे नकाब पहने हुए थे और उत्तर भारतीय लहजे में हिंदी बोल रहे थे।

लुटेरों ने इस घर को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वहां रहने वाले ज्यादातर लोग बुजुर्ग और महिलाएं थीं। ऐसा लगता है कि उन्हें घर के मालिक की दिनचर्या और घर में रखे सोने के आभूषणों और नकदी के बारे में पहले से जानकारी थी।

करीमनगर में तीन महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी लूट की घटना है।

3 मई को दिनदहाड़े लुटेरों के एक गिरोह ने पीएमजे ज्वैलरी शॉप में लूटपाट की और गोलीबारी की, जिसमें चार कर्मचारी घायल हो गए। लुटेरे 161 तोला सोने के आभूषण और 112 कैरेट के हीरे लेकर फरार हो गए।

गहन जांच के बाद पुलिस को पता चला कि इस वारदात में बिहार के कुख्यात सुबोध सिंह गिरोह की संलिप्तता है। पुलिस ने गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सुबोध सिंह ने पूर्णिया जेल में रहते हुए ही डकैती की योजना बनाई थी।

सुबोध सिंह गिरोह बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तराखंड में लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से डकैती करने के लिए कुख्यात है।

–आईएएनएस

एसएचके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.