अमरावती, 6 सितंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में वेलिगोंडा परियोजना की सहायक नहर में नहाते समय दो युवक लापता हो गए। बचाव दल की तरफ से दोनों युवकों की तलाश की जा रही है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
जल संसाधन मंत्री निम्माला रामनैडु ने रविवार को कटकानी पल्ले से दो युवकों के लापता होने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना के संबंध में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से बात की। मंत्री ने अधिकारियों को युवकों के शवों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान तेज करने का आदेश दिया।
जल संसाधन मंत्री निम्माला रामनैदु ने कहा कि सहायक नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण किसी को भी पानी में नहीं उतरना चाहिए। जनता को सतर्क रहना चाहिए क्योंकि नल्लामाला सागर का तल असमान है, जिससे किसी भी बिंदु पर गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल है।
उन्होंने पुलिस और राजस्व अधिकारियों को सहायक नहर और नल्लामाला सागर पर विशेष सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया।
वेलिगोंडा परियोजना की सहायक नहर में यह घटना शनिवार शाम को घटी। हाल ही में उद्घाटन की गई इस परियोजना की सहायक नहर में पानी देखने गए दो युवक पानी में उतर गए। तेज बहाव के कारण उनमें से एक बहने लगा, तो दूसरे ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस कोशिश में दोनों ही बह गए।
लापता युवकों की पहचान कोप्पला राज कुमार और कुप्पला विनय कुमार के रूप में हुई है जो एक ही परिवार के सदस्य थे।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल कर्मियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। अंधेरा होने के कारण शाम को तलाशी अभियान रोक दिया गया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने कुशल तैराकों की मदद से रविवार सुबह तलाशी अभियान फिर से शुरू किया। वेलिगोंडा परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने 31 अगस्त को किया था।
वेलिगोंडा परियोजना में कृष्णा नदी के पानी को श्रीशैलम जलाशय से गुरुत्वाकर्षण के माध्यम से नल्लामाला सागर में मोड़ने की परिकल्पना की गई है, जहां से पानी को नहरों के एक नेटवर्क के माध्यम से सिंचाई और पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वितरित किया जाएगा।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



