तेलंगाना कांग्रेस में हलचल, जग्गा रेड्डी को टीपीसीसी अध्यक्ष बनाने की मांग तेज

Summary :

हैदराबाद, 17 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी हलचल तेज हो गई है। राज्य के मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने वरिष्ठ नेता जग्गा रेड्डी को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है। विधानसभा परिसर में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में सड़क एवं भवन मंत्री वेंकट रेड्डी ने कहा कि जग्गा रेड्डी एक जनाधार वाले नेता हैं और यदि उन्हें टीपीसीसी का अध्यक्ष बनाया जाता है, तो अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस 100 सीटों के साथ जीत सकती है। उन्होंने जग्गा रेड्डी की तुलना पूर्व कांग्रेस नेता पी. जनार्दन रेड्डी (पीजेआर) से की,…

हैदराबाद, 17 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी हलचल तेज हो गई है। राज्य के मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने वरिष्ठ नेता जग्गा रेड्डी को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है।

विधानसभा परिसर में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में सड़क एवं भवन मंत्री वेंकट रेड्डी ने कहा कि जग्गा रेड्डी एक जनाधार वाले नेता हैं और यदि उन्हें टीपीसीसी का अध्यक्ष बनाया जाता है, तो अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस 100 सीटों के साथ जीत सकती है।

उन्होंने जग्गा रेड्डी की तुलना पूर्व कांग्रेस नेता पी. जनार्दन रेड्डी (पीजेआर) से की, जो 1994 से 1999 के बीच संयुक्त आंध्र प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता रहे थे।

फिलहाल टीपीसीसी के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ हैं, जिन्हें सितंबर 2024 में इस पद पर नियुक्त किया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का स्थान लिया था, जो 7 जुलाई 2021 से इस पद पर थे। टी. जयप्रकाश रेड्डी, जिन्हें जग्गा रेड्डी के नाम से जाना जाता है, वर्तमान में टीपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे 2015 में टीआरएस (अब बीआरएस) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।

इस बीच पार्टी के अंदर असंतोष भी सामने आ रहा है। वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री टी. जीवन रेड्डी ने संकेत दिया है कि वे पार्टी छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने जगतियाल के विधायक एम. संजय कुमार के साथ चल रहे विवाद को इसकी वजह बताया।

जीवन रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस के साथ उनका 40 साल पुराना संबंध है, लेकिन संजय कुमार के कारण वे पार्टी छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें जगतियाल सीट से संजय कुमार के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि संजय कुमार उन 10 विधायकों में शामिल हैं, जो 2024 में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें शामिल किए जाने का जीवन रेड्डी ने खुलकर विरोध किया था।

हाल ही में जगतियाल जिले में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी तब खुलकर सामने आई, जब जीवन रेड्डी ने नगर निकाय चुनावों के लिए संजय कुमार गुट को ज्यादा टिकट दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.