चामराजनगर, 11 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुक में आर.एस. डोडी के पास एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि कार के ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है। मरने वालों की पहचान रमेश, सुरेश और मुनियप्पा के तौर पर हुई है, ये सभी हनुर तालुक के कोप्पा गांव के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात ये तीनों किसी जरूरी काम से कोप्पा गांव से आर.एस. डोडी होते हुए कोल्लेगल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और बिना रुके वहां से भाग गई। जोरदार टक्कर की वजह से तीनों को बहुत अधिक खून बहने लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर हनूर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए कोल्लेगल सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटना वाली जगह पर मिली कार के कुछ हिस्से बरामद कर लिए हैं और फरार कार व ड्राइवर का पता लगाने के लिए आस-पास के इलाकों में सड़क और सीसीटी फुटेज की जांच कर रही है। हनूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।
इससे पहले 9 अगस्त को चामराजनगर जिले के हनूर तालुक में कोनानकेरी गांव के पास एक अज्ञात गाड़ी ने कथित तौर पर दो लोगों की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। यह घटना, जिसके ‘हिट-एंड-रन’ होने का शक है, तब हुई जब पीड़ित माले महादेश्वरा हिल्स से कोल्लेगाला की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान हनूर तालुक के मारतल्ली गांव के रहने वाले 50 वर्षीय युवराज और मांड्या जिले के मद्दुर तालुक के रहने वाले 25 वर्षीय शशांक के तौर पर हुई।
इससे पहले, अगस्त में ही एक और हादसे में आटीपीएल मेन रोड पर ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में बाइक टैक्सी पर जा रहे एक टेक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह कोमा में चला गया, जिसके बाद परिवार वालों ने पुलिस से तेजी से कार्रवाई करने की मांग की।
मई में एक ऑडी कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे 45 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी व बेटी घायल हो गईं थी। इसके बाद ड्राइवर वहां से भाग गया था।
–आईएएनएस
ओपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



