नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस में 19.2 प्रतिशत या 2.40 रुपए प्रति ऑर्डर का इजाफा कर दिया है। यह जानकारी ऐप के लेटेस्ट बिलिंग डेटा से प्राप्त हुई।
बढ़ोतरी के बाद नई प्लेटफॉर्म फीस 14.90 रुपए प्रति ऑर्डर हो गई है, जो कि पहले 12.5 रुपए थी।
प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी ऐसे समय पर हुई है, जब हाल ही में एलपीजी की कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे रेस्तरां की लागत में बढ़ोतरी देखी गई है।
दिग्गज ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म ने आखिरी बार सितंबर 2025 में प्लेटफॉर्म शुल्क में बदलाव किया था। इससे पहले, फरवरी 2025 में, जोमैटो ने त्योहारी सीजन के दौरान प्लेटफॉर्म शुल्क को 6 रुपए प्रति ऑर्डर से बढ़ाकर 10 रुपए प्रति ऑर्डर कर दिया था।
वहीं, प्रतिद्वंद्वी कंपनी स्विगी वर्तमान में कर सहित प्रति ऑर्डर 14.99 रुपए का प्लेटफॉर्म शुल्क ले रही है।
जोमैटो ने अगस्त 2023 में प्रति ऑर्डर 2 रुपए का प्लेटफॉर्म शुल्क लागू किया था, जिसे बाद में प्रमुख बाजारों में धीरे-धीरे बढ़ाया गया।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म बढ़ती परिचालन लागतों के बीच यूनिट इकोनॉमिक्स और मार्जिन में सुधार पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
जोमैटो की पेरेंट कंपनी इटरनल के शेयर 1.55 प्रतिशत या 3.55 रुपए की तेजी के साथ 232.29 रुपए पर बंद हुए। दिन के दौरान शेयर ने 236.70 रुपए का उच्चतम स्तर और 230.10 रुपए का न्यूनतम स्तर छुआ।
दिसंबर तिमाही के नतीजों में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 72.88 प्रतिशत बढ़कर 102 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 59 करोड़ रुपए था। हालांकि, इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू करीब तीन गुना बढ़कर 16,315 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि एक साल पहले समान अवधि में 5,405 करोड़ रुपए था।
मार्च 2025 में जोमैटो से इटरनल के रूप में खुद को रीब्रांड किया था।
–आईएएनएस
एबीएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



