केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल और असम में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए भाजपा की महत्वपूर्ण केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
मोदी, शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरुवार शाम पार्टी मुख्यालय में सीईसी की बैठक में भाग ले सकते हैं। सीईसी एक निकाय है, जो यह तय करता है कि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार कौन होंगे।
यह पता चला है कि भाजपा के नेता पश्चिम बंगाल में 60 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप देने के लिए माथापच्ची करेंगे, जहां पहले दो चरणों के अंतर्गत चुनाव होंगे। असम और पश्चिम बंगाल में मतदान के पहले दो चरण 27 मार्च और 1 अप्रैल को होंगे।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। यहां चुनाव आठ चरणों में होंगे, जिसकी शुरूआत 27 मार्च को 30 सीटों के साथ होगी। मतों की गिनती 2 मई को होगी।
सूत्रों के अनुसार, सीईसी में असम में उन 86 सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों पर चर्चा होने की संभावना है, जहां पहले दो चरणों में मतदान होंगे। असम में तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 6 अप्रैल को होगा। नतीजे 2 मई को आएंगे।


Download Android App
Download iOS App



