केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के स्वास्थ्य से जुड़ी अलग-अलग अफवाहें पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही थी। शनिवार को गृहमंत्री ने उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया। उन्होंने अपने स्वास्थ्य से जुडी झूठी अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह बिलकुल स्वस्थ हैं और उन्हें किसी भी प्रकार की कोई बीमारी नहीं है।
मेरे स्वास्थ्य की चिंता करने वाले सभी लोगों को मेरा संदेश। pic.twitter.com/F72Xtoqmg9
— Amit Shah (@AmitShah) May 9, 2020
गृहमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि “मेरे स्वास्थ्य की चिंता करने वाले सभी लोगों को मेरा संदेश- पिछले दिनों से कुछ मित्रों की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से मेरे स्वास्थ्य के बारे में कई मनगढ़ंत अफवाहें फैलाई जा रही हैं। यहां तक कि कई लोगों ने मेरी मृत्यु के लिए भी ट्वीट कर दुआ मांगी है।”
शाह ने अपने सन्देश में आगे कहा कि “देश इस समय कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से लड़ रहा है और देश के गृह मंत्री के नाते देर रात तक अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण मैंने इन सब पर ध्यान नहीं दिया। जब यह मेरे संज्ञान में आया तो मैंने सोचा कि यह सभी लोग अपने काल्पनिक सोच का आनंद लेते रहें, इसलिए मैंने कोई स्पष्टता नहीं की।”
Covid -19 : स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पताल से मरीजों के छुट्टी दिए जाने को लेकर जारी किया नया दिशा निर्देश
उन्होंने कहा कि “मेरी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और मेरे शुभचिंतकों ने विगत दो दिनों से काफी चिंता व्यक्त की, उनकी चिंता को मैं नजरअंदाज नहीं कर सकता। इसलिए, मैं आज स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं पूर्ण रुप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं है।”
गृहमंत्री ने आगे कहा कि “हिन्दू मान्यताओं के अनुसार ऐसा मानना है कि इस तरह की अफवाह स्वास्थ्य को और अधिक मजबूत करती हैं। इसलिए, मैं ऐसे सभी लोगों से आशा करता हूं कि वे यह व्यर्थ की बातें छोड़कर मुझे मेरा कार्य करने देंगे और स्वयं भी अपना काम करेंगे।” उन्होंने कहा कि “मेरे शुभचिंतकों और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के मेरा हालचाल पूछने और मेरी चिंता करने के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। जिन लोगों ने ये अफवाह फैलाई हैं उनके प्रति मेरे मन में कोई दुर्भावना या द्वेष नहीं है आपका भी धन्यवाद।”


Download Android App
Download iOS App



